पटियाला पुलिस ने छह हजार करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ड्रग तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए कनाडा के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि कनाडा का रहने वाला दविंदर सिंह उर्फ देव इस बड़े ड्रग रैकेट का मास्टर माइंड है। उसे पटियाला पुलिस ने पांच जनवरी को गंगानगर जिले से गिरफ्तार किया।
उसे चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट पटियाला के सामने पेश किया गया। अदालत की ओर से उसको 14 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। दविंदर सिंह उर्फ देव पुत्र हरभजन सिंह गांव 19 पीएस, तहसील राय सिंह नगर, जिला गंगानगर राजस्थान का मूल निवासी है।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे नशा तस्करी के इस बड़े मामले में ड्रग माफिया की ओर से परीकरसर कैमिकल कैटेमाइन, एफेड्राइन और सुडोफेड्रीन हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली आदि जगहों से दवाएं बनाने वाली फैक्टरी से खरीदा जाता था और इसे बाद में कनाडा में स्मगल कर दिया जाता था। एसएसपी ने बताया कि कनाडा में मुख्य तौर पर चीन और वियतनाम के नागरिकों की ओर से परीकरसर कैमिकलों से सिंथेटिक ड्रग को तैयार किया जाता था।
इन नशीले पदार्थों की तस्करी दिल्ली के करोल बाग क्षेत्र की एक कंपनी क्वालिटी फूड्स के प्रमोद टोनी और एक अन्य व्यक्ति, जो एक समुद्री जहाज का मालिक भी है, के जरिये की जाती थी। नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में क्वालिटी फूड नाम की एक कंपनी की ओर से हवाई कार्गो और समुद्री जहाजों का भी इस्तेमाल किया जाता था।
एसएसपी ने बताया कि तस्कर दविंदर सिंह देव की ओर से भोला को भी सिंथेटिक ड्रग बनाने के लिए बड़ी मात्रा में अफीम मुहैया कराई गई थी। पड़ताल के दौरान इस करोड़ों के अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ड्रग रैकेट के मामले में और गिरफ्तारियां व बरामदगियां होने की उम्मीद है।
भोला सजा से बचने के लिए कर रहा है गलत बयानबाजी: एसएसपी
एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने जगदीश सिंह भोला की ओर से लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। एसएसपी ने कहा कि भोला की ओर से यह गलत बयानबाजी उसके खिलाफ चल रहे 13 गंभीर मामलों की जांच को प्रभावित करने के लिए की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भोला एक बहुत ही शातिर दिमाग स्मगलर है, जो इन मामलों में उसको होने वाली सख्त सजा से बचने के लिए गलत बयानबाजी कर रहा है। लेकिन उनकी टीम के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं और वह लोग आगेसे भी ज्यादा मजबूती के साथ नशों के कारोबारियों का पर्दाफाश करेंगे।