वीरवार सुबह करीब पांच बजे एक आल्टो कार सरहिंद नहर में गिर गई। पुलिस ने कार सवार महिला को बाहर निकाल लिया है जिसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। महिला के बयान अभी दर्ज नहीं हो पाए हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे विश्वकर्मा भवन के पास एक आल्टो कार (पीबी10-सीसी-4626) नहर में गिर गई। नहर के दूसरी ओर से महिलाओं ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने कार में सवार एक महिला को बाहर निकाला। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार अभी तक महिला होश में नहीं आई है। पुलिस ने बाद में कार को भी नहर में से निकाल लिया पर कार के चालक का कोई पता नहीं लगा।
कार से मिले दस्तावेजों के अनुसार कार जगजीत सिंह पुत्र रविंदर सिंह वासी टूटोमजारा जिला होशियारपुुर की है। उसकी पत्नी ओमनप्रीत का पासपोर्ट भी कार से मिला है। पुलिस ने कार और इन दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि कार लगभग 50 फीट की ऊंचाई से नहर में गिरी है।
जिस स्थान से यह कार नहर में गिरी वहां पर ना तो कोई सड़क है और न ही वह रास्ता किसी तरफ जाता है। सिटी पुलिस के एएसआई बलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस महिला का बयान लेने के लिए पीजीआई गई थी पर महिला बयान देने की हालत में नहीं थी। उन्होंने बताया कि कार में दंपति सवार थी और चालक के बारे अभी तक कोई जानकारी नहीं है।
सुबह चार बजे निकले थे दवाई लेने
माहिलपुर। माहिलपुर के गांव टूटोमजारा का जगजीत सिंह पुत्र रविंदर सिंह अपनी पत्नी ओमनप्रीत कौर के साथ घर से रोपड़ के लिए दवाई लेने सुबह करीब चार बजे निकला था। इन लोगों ने अपनी गाड़ी रोपड़ के सतलुज दरिया पुल के पास से ही एक सुनसान जगह की ओर मोड़ ली। जिसके बाद यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार जगजीत सिंह लगभग चार साल पहले इंग्लैंड से आया था और आने के बाद उसने माहिलपुर के एक निजी अस्पताल में काम कर रही नर्स ओमनप्रीत कौर से शादी कर ली। फिर शादी के बाद इन लोगों ने विदेश जाने की योजना बनाई पर वह सिरे नहीं चढ़ी और दंपति के जीवन में कुछ तनाव आ गया था।