फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चे की हत्या के विरोध में दुकानें बंद

Tue, 01 Oct 2013 10:29 PM IST
अमर उजाला, मालेरकोटला (संगरूर)
विज्ञापन
विज्ञापन
मालेरकोटला में एक मासूम बच्चे की सोमवार को जिंदा जलाकर हत्या कर दिए जाने के विरोध में मंगलवार को संगरूर जिले के लगभग सभी शहरों-कस्बों में बाजार बंद रहे।
विज्ञापन


प्रशासन और पुलिस की नाकामी के खिलाफ अनेक सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह रोष प्रदर्शन किए। मालेरकोटला, संगरूर, धुरी, सुनाम, भवानीगढ़ और दिड़बा में बाजार पूरी तरह से बंद रहे।

मालेरकोटला में दो सौ से अधिक महिलाओं ने देर शाम तक लुधियाना-हिसार नेशनल हाईवे को बंद रखा जबकि उत्तेजित भीड़ ने धुरी जंक्शन पर आने-जाने वाली ट्रेनों को रोक दिया।
विज्ञापन


इस बीच, एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने सोमवार को गुस्साए लोगों पर लाठीचार्ज किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए मालेरकोटला सिटी वन एसएचओ परमिंदर सिंह और सिटी टू एसएचओ दविंदर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

मंगलवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी भी मालेरकोटला पहुंचे। उन्होंने मासूम बच्चे विभू की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। ज्याणी ने विभू जैन की याद में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कराए जाने का ऐलान किया।


मालेरकोटला में लोगों ने हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दिए जाने की मांग की। धुरी में मंगलवार को करीब दो घंटे तक लुधियाना-हिसार रेलवे ट्रैक को लोगों ने जाम कर दिया। इससे शताब्दी एक्सप्रेस संगरूर के पास, हिसार-लुधियाना यात्री ट्रेन मलेरकोटला के पास, लुधियाला-हिसार ट्रेन संगरूर और बठिंडा-अंबाला ट्रेन धुरी के पास रोक दी गईं।

देर शाम हुआ विभू का अंतिम संस्कार
मृतक विभू के रिश्तेदार और एक्शन कमेटी के सदस्य इस बात पर अड़े थे कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक विभू का संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस इस मामले में ढील बरत रही है। माहौल बिगड़ता देख कई जिलों से भारी पुलिस फोर्स मालेरकोटला के प्रमुख स्थानों पर तैनात कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ज्याणी, एसएसपी और डीसी सारा दिन पीड़ित परिवार के संपर्क में रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते रहे। परिजनों ने शाम छह बजे के बाद बच्चे का संस्कार किया।

पंजाब सरकार ने दिए जांच के आदेश
पंजाब सरकार ने हत्या की घटना के जांच के आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने डीजीपी को हिदायत देते हुए विभू जैन की हत्या के मामले में जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है। सीएम के आदेश पर मालेरकोटला पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी ने कहा कि मामले के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है। इसे लेकर पुलिस प्रशासन को कड़े दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।

पैसों को लेकर हुआ था विवाद : एसएसपी
संगरूर के एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि विभू की दर्दनाक हत्या के पीछे पतंग की डोर को लेकर हुए विवाद की आशंका है। उन्होंने बताया कि मृतक विभू ने अंतिम समय में अपने अभिभावकों को बताया था कि कुछ दिन पहले उनकी दुकान पर दो युवक उससे पतंग की डोर लेने आए थे। उनके साथ पैसों को लेकर उसका विवाद हुआ था। पुलिस को शक है कि इस हत्या के पीछे यह कारण हो सकता है। इसकी गहनता से जांच चल रही है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें