अब्दुल्लापुर बस्ती में शनिवार दोपहर सीवरेज की सफाई करते समय नगर निगम के दो सफाई कर्मचारी सीवरेज में गिर गए और बेहोश हो गए। जबकि उनका तीसरा साथी उन्हें बचाने के चक्कर में बेहोश गिर गया।
इस दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस मुलाजिम जगजीत सिंह और राहगीर काला ने तीनों को बाहर निकाला। थाना माडल टाउन के एसएचओ ने तीनों को अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि जीटीबी अस्पताल के डॉक्टरों ने बाकी दोनों को अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाका निवासी राजिंदर भोपाल राय और कुलभूषण शर्मा ने कहा कि मुंडियां कलां स्थित राम नगर निवासी सुरिंदर कुमार और विनय कुमार और राज कुमार शनिवार सुबह से इलाके का सीवरेज साफ कर रहे थे। दोपहर को जब सफाई करते समय सुरिंदर सीवरेज में उतरा तो वह एक दम से बेहोश हो गया।
जब उसे बचाने के लिए विनय कुमार नीचे उतरा तो वह भी बेहोश हो गया। दोनों को बचाने के चक्कर में राज कुमार उतरने लगा तो गैस चढ़ने की वजह से वह अंदर जाने से पहले ही बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। तीनों को बेहोश हुए देख उनके दो अन्य साथियों ने उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।
खबर मिलते ही इलाके के लोग वहां पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस मुलाजिम जगजीत सिंह और उनके साथी काला ने हिम्मत दिखाई और उन्हें बाहर निकाला। तीनों को बाहर निकालते समय काला की भी हालत खराब हो गई थी।
खुद ऑटो में बैठ एसएचओ ने पहुंचाया अस्पताल
जगजीत और काला ने तीनों को बाहर निकाला तब तक थाना माडल टाउन के एसएचओ गुरदेव सिंह भी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
108 एंबुलेंस के समय पर मौके पर न पहुंचने के चलते एसएचओ ने इलाके से गुजर रहे एक ऑटो को रोका और बेहोश युवक को ऑटो में डाला। ऑटो से इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह अस्पताल पहुंच गए।
इलाके के लोगों का कहना था कि अगर दोनों युवकों की जान बची है तो उसमें पुलिस मुलाजिम और काला की वजह से। एसीपी मुख्तियार सिंह ने कहा कि सुरिंदर कुमार की अस्पताल में मौत हो गई।