फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sardool Sikander Death: कोरोना से जिंदगी की जंग हारे पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर, निजी अस्पताल में तोड़ा दम, गम में डूबा पॉलीवुड

Wed, 24 Feb 2021 01:41 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सरदूल सिकंदर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

पंजाब के मशहूर गायक सरदूल सिकंदर का बुधवार को देहांत हो गया। वह साठ साल के थे। उन्होंने मोहाली के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से उनका इलाज चल रहा था। इसकी वजह से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी। उनकी पत्नी अमर नूरी भी काफी प्रसिद्ध गायिका हैं। सिकंदर की मौत से प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। साथी गायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने भी सरदूल के निधन पर शोक जताया। फतेहगढ़ साहिब के गांव खेड़ी नौद्ध सिंह में सरदूल सिकंदर को 25 फरवरी दोपहर दो बजे खाक-ए-सुपुर्द किया जाएगा।

विज्ञापन


सिकंदर की मौत से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। पंजाबी गायक एवं गीतकर हैप्पी रायकोटी ने सरदूल की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा है, ओए मालका, एह की कहर कमाया। गायिका मिस पूजा ने सरदूल सिकंदर की फोटो शेयर कर लिखा कि विश्वास नहीं हो रहा कि उस्ताद सरदूल सिकंदर हमें छोड़कर चले गए। परमात्मा उनकी आत्मा को अपने चरणों में जगह दे। रेस्ट इन पीस गुरुजी। उनके दो बेटे आलाप और सारंग सिकंदर हैं। दोनों गायकी के क्षेत्र में हैं। सरदूल सिकंदर दिसंबर के दूसरे हफ्ते में सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और गायिका अमर नूरी भी थी।
 


 

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर सरदूल सिकंदर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया कि महान पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वे हाल ही में कोरोना पॉजिटिव हुए थे और उसी के लिए उनका इलाज चल रहा था। पंजाबी संगीत की दुनिया आज गरीब है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
  बता दें कि गायक सरदूल सिकंदर का पंजाबी गायकी को मशहूर करने में काफी अहम योगदान रहा है। सरदूल सिकंदर ने 1980 के दशक में अपनी पहली एलबम रोडवेज दी लारी निकाली थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सरदूल सिकंदर ने कई हिट गाने दिए। एक बेहतरीन गायक होने के साथ-साथ सरदूल सिकंदर अच्छे अभिनेता भी थे। सरदूल ने पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था।

गम में डूबा पॉलीवुड
सुरों के बादशाह सरदूल सिकंदर की मौत की खबर सुनते ही पॉलीवुड से जुड़े कलाकार, प्रशंसक और रिश्तेदार फोर्टिस अस्पताल के बाहर जुट गए। सभी गमगीन थे और सरदूल के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए बेताब थे। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर यह कैसे हो गया। 

पंजाबी गायक एमी विर्क से लेकर गुरप्रीत घुग्गी, कमलजीत अनमोल जैसे नामी कलाकार फोर्टिस पहुंचे। किसी को भी गायक सरदूल सिकंदर की मौत की खबर पर विश्वास ही नहीं हो रहा था। गायक सतिंदर बुग्गा ने कहा कि उनके जैसा गायक शायद ही कोई पैदा हो। उन्होंने कहा कि वह संगीत की यूनिवर्सिटी थे। संगीतकार सचिन आहुजा ने कहा कि सरदूल हमारे परिवार का हिस्सा थे। वह उनके पिता के शार्गिद थे। उनके जैसा सिंगर कभी पैदा नहीं हो सकता। उनके गाने सुनकर हमने संगीत को समझा है। 

मंत्री धर्मसोत ने जताया दुख 
पंजाब के कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने प्रसिद्ध पंजाबी गायक सरदूल सिकंदर के निधन पर दुख प्रकट किया है। एक शोक संदेश में धर्मसोत ने कहा कि सरदूल सिकंदर के जाने से कला जगत के साथ-साथ पंजाबी समाज को कभी न पूरा होने वाला घाटा हुआ है। पंजाबी गायकी के क्षेत्र में विलक्षण योगदान के लिए सरदूल सिकंदर को हमेशा याद रखा जाएगा। 
विज्ञापन

पंजाबी गायक गुरदास मान ने सरदूल सिंकदर के साथ अपना वीडियो फेसबुक पर साझा किया। उन्होंने लिखा है कि सरदूल मतलब सुरां दा बादशाह। पंजाब दियां पाक फिजावां दे विच एक गीत बनके हमेशा गूंजदा रहेगा। 

पंजाबी गायक दिलेर मेहंदी ने भी सिकंदर के निधन पर शोक जाहिर करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है-  बड़े दुख दी खबर सरदूल सिकंदर साहब नहीं रहे, बड़ा नुकसान हमारे परिवार और संगीत जगत को। पंजाबी कलाकार जसविंदर भल्ला ने फेसबुक पोस्ट पर कुछ समय पहले कि सरदूल परिवार के साथ एक फोटो साझा करते हुए लिखा- पंजाबी संगीत जगत का नगीना सरदूल हमें अलविदा कह गया। 

पंजाबी गायिका कौर बी ने भी गायक सरदूल के साथ फेसबुक पर फोटो के साथ पोस्ट डाली है। उन्होंने लिखा- मुझे इस घटना पर यकीन नहीं आ रहा है। परिवार का यह घाटा कभी पूरा नहीं हो सकता, आप हमेशा अमर रहोंगे सरदूल सिकंदर। मुझे हमेशा इस परिवार से बेटियों जैसा प्यार मिला है, वाहेगुरु परिवार को हिम्मत दें।

बॉलीवुड गायक मीका सिंह ने सरदूल सिकंदर के साथ की कई फोटो के साथ फेसबुक पर लिखा- काश! हम एक बार और मिल पाते। हमें आपसे बहुत कुछ सीखने को मिला। आपके गीत और प्यारी यादें हमारे बीच हमेशा जिंदा रहेगी। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति दे।

गायक यो यो हनी सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट डाल कर सरदूल सिकंदर के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने लिखा है कि आपकी गायकी के कारण आप हमारे बीच हमेशा जिंदा रहेंगे। वाहेगुरु उनके परिवार को हौसला दे। जरीन खान ने फेसबुक और ट्विटर पर दुख जाहिर करते हुए लिखा- यह ऐसी क्षति है जिसे कभी पूर्ण नहीं किया जा सकता। ईश्वर कलाकार सरदूल सिकंदर की आत्मा को शांति दे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें