पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीख की बदल दी है। भारत निर्वाचन आयोग के नए आदेश के मुताबिक डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल, गिद्दड़बाहा और बरनाला सीट पर उप चुनाव को लेकर मतदान की तारीख 20 नवंबर तय हो गई है, पहले 13 नवंबर को चुनाव होने थे। छठ और गुरुपर्व के अलावा अन्य कारणों के चलते उपचुनाव की तारीखों में बदलाव किए गए हैं। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि चुनाव के नतीजे के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 23 नवंबर को चारों सीटों पर उप चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चारों सीटों की स्थिति
मुख्य चुनाव अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि उपचुनाव वाले चार विधानसभा क्षेत्रों में 10 अक्टूबर 2024 तक कुल मतदाताओं की संख्या 6 लाख 96 हजार 316 है और कुल 831 मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि 10-डेरा बाबा नानक में कुल मतदाता 1 लाख 93 हजार 268 हैं। यहां 241 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार 44-चब्बेवाल (एससी) विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 59 हजार 254 है और यहां कुल 205 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गिद्दड़बाहा विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 1 लाख 66 हजार 489 हैं। यहां कुल 173 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, 103-बरनाला विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 1 लाख 77 हजार 305 है और 212 मतदान केंद्र हैं।