पंजाब में कारोबारियों से फिरौती और रंगदारी की घटनाएं आम हो गई हैं। इससे कारोबारियों में खौफ बढ़ता जा रहा है। इसी वजह से कारोबारियों ने सोशल मीडिया पर अपने बिजनेस से जुड़े प्रमोशन पेज तक डिलीट कर दिए हैं।
पंजाब के पेरिस कपूरथला के बिजनेस डिजिटल स्पेस से गायब होने लगे हैं। कारोबारियों में गैंगस्टर्स का खौफ इस कद्र घर कर गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर व्यापार बढ़ाने के प्रमोशन पेज डिलीट किए जा रहे हैं। यहीं नहीं, परंपरागत तरीके से व्यापार करने की परंपरा को फिर से सुरजीत करने के लिए पुराने ढर्रे पर लौटने में भलाई समझने लगे हैं।
विज्ञापन
हालात तो यह बन गए हैं कि कई व्यापारी अपनी दुकान की फोटो तक खिंचवाने से गुरेज करने लगे हैं। ऐसा हाईप्रोफाइल एमआईसी मोबाइल शोरूम पर गैंगस्टर के इशारे पर रंगदारी के लिए फायरिंग केस की घटना सामने आने के बाद हुआ है। हालांकि छोटे व्यापारी-कारोबारी इसमें शुमार नहीं है। बस, क्रीमी लेयर में आने वाले रिच-अल्ट्रा रिच कारोबारियों ने सोशल मीडिया के तमाम हैंडल्स से एकदम दूरी बना ली है।
बेशक जिला कपूरथला पुलिस ने 20 दिन की लगातार जद्दोजहद से कौशल चौधरी-सौरव गंडोली गैंग के दो गुर्गों को असलहा समेत गिरफ्तार करके मामले का सुलझाने का दावा किया है। जबकि अभी भी इस पूरे प्लान का मास्टरमाइंड पवन कुमार उर्फ सोनू जाट उर्फ सोनू देहली पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि पुलिस ने शोरूम पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों को दबोच लिया है। फिर भी कारोबारी डर के माहौल में हैं।
विज्ञापन
सोशल मीडिया से हटाए प्रमोशन पेज
पंजाब के सबसे छोटे शहर कपूरथला में दिनदहाड़े शोरूम पर फायरिंग की घटना पहली बार हुई है। इस घटना के बाद से सर्राफा, कपड़ा व्यापारी और बड़े उद्योगपतियों ने अपने एफबी-इंस्टा से पॉपुलर होने के बजाय अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म से दूरी बना ली है। यहां तक कि अपने व्यापार से संबंधित प्रमोशनल वीडियो और पोस्ट डालने के लिए बनाए गए पेज भी उड़ा दिए हैं।
सोशल मीडिया बना जी का जंजाल
एक सर्राफा कारोबारी ने कहा कि अब वह फिर से पुराने ट्रेडिशनल ढंग से कारोबार करने की तरफ लौट आए हैं। सोशल मीडिया उनके लिए जी का जंजाल बन गया है। उन लोगों ने तो ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते ट्रेंड के चलते सोशल मीडिया का सहारा लेकर मुनाफा बढ़ाने की शुरुआत की थी, क्योंकि ऑनलाइन बढ़ते कारोबार से उनके धंधे को सेटबैक लगा है, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी वीडियो आपराधिक छवि वाले लोगों के लिए रेकी का जरिया बन गई है। जिससे उनकी व उनके परिवार की जान पर आफत बन सकती है। इसलिए उन्होंने व्यापारिक संस्थान के तमाम सोशल मीडिया पेज डिलीज कर दिए हैं।
कई व्यापारी बड़े शहरों में कूच की तैयारी में
बदमाशों के खौफ की वजह से व्यापारी केवल सोशल मीडिया से दूरी नहीं बना रहे, बल्कि कई बड़े कारोबारियों ने तो अपनी रिहायश को भी कपूरथला जैसे छोटे शहर से बदलकर बड़े शहर में करने का मन बना लिया है। व्यापार बेशक वह कपूरथला में करेंगे, लेकिन रिहायश वह बड़े शहर में रखेंगे। यह कदम उन लोगों ने अपने परिवार की सुरक्षा के मद्देनजर किया है। उनका तर्क है कि छोटे शहर में कोई बड़ी लग्जरी चीज लोगों की आंखों में जल्दी चढ़ जाती है। जबकि बड़े महानगरों में ये आम है।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी-डी सरबजीत राय ने कहा कि जिला पुलिस ने तो अपराधियों को पकड़कर खौफ दूर किया है। क्राइम होना स्वाभाविक है, इसे डर का प्रयाय बनाना सही नहीं है। कारोबारियों को खुलकर व्यापार करना चाहिए। जिला पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से तत्पर व वचनबद्ध है।