पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य में प्रापर्टी टैक्स के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
शनिवार को जारी एक बयान में जाखड़ ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार शहरियों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है।
उन्होंने कहा कि समस्याओं से जूझ रहे पंजाब के शहरियों पर डाले प्रापर्टी टैक्स के बोझ पर लोकसभा चुनाव के दौरान पुन: विचार करने के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने बड़े-बड़े वादे किए थे।
उनके दावों की हवा उस समय निकल गई, जब स्थानीय निकाय विभाग ने लोगों को चेतावनी देते हुए प्रापर्टी टैक्स को जमा करवाने के लिए अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ाने की घोषणा की।
जाखड़ ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार को चाहिए कि वह शहरियों पर कमर तोड़ लगे इस टैक्स को वापस लेने की शीघ्र घोषणा करे।
लोकसभा चुनाव के दौरान जालंधर में टूटी हुई सड़कों के बारे खुद उप-मुख्यमंत्री ने लोगों से माफी मांगी थी और जनता के विरोध के कारण अनेकों बार सार्वजनिक मंचों पर प्रापर्टी टैक्स पर पुन: विचार का वादा कर लोगों के वोट बटोरने की कोशिश की थी।
चुनाव खत्म होते ही वह अपना वादा भूल गए। जाखड़ ने कहा कि आज पंजाब का कोई भी ऐसा शहर नहीं जिसके बारे में उप मुख्यमंत्री दावा कर सकें कि वहां लोगों को शत-प्रतिशत सुविधाएं मिल रही हैं।
पंजाब के सभी शहरों में गंदगी के ढेर और सीवरेज के गंदे पानी से निजात के लिए उच्च न्यायालय का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए लोकसभा चुनाव से पहले उप मुख्यमंत्री ने दर्जनों शहरों में सीवरेज व वाटर सप्लाई के लिए नींव पत्थर रखने की झड़ी लगा दी थी, लेकिन आज तक उन पर काम शुरू नहीं हो सका।
बजट सत्र में घेरेंगे सरकार को
जाखड़ ने कहा कि पंजाब विधानसभा के आगामी बजट सत्र में प्रापर्टी टैक्स के मुद्दे पर अकाली-भाजपा सरकार को जबरदस्त तरीके से घेरेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के शहरी इलाकों से कांग्रेस के चुने गए विधायकों अश्विनी सेखड़ी, ओम प्रकाश सोनी, ब्रह्म महिंदरा, सुंदर शाम अरोड़ा, डॉ. राज कुमार वेरका, जगमोहन सिंह कंग, बलबीर सिंह सिंद्धू, केवल ढिल्लों, राणा गुरजीत सिंह, राणा गुरमीत सिंह सोढी, सुरिंदर डावर, राकेश पांडे, चरनजीत सिंह चन्नी, भारत भूषण आशु, गुरकीरत सिंह, परमिंदा सिंह पिंकी, रजनीश कुमार बब्बी, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, अरुणा चौधरी, करण कौर बराड़, तरलोचन सिंह, गुरकंवल कौर, साधु सिंह धर्मसोत, हरदयाल कंबोज ने उनसे संपर्क करके अगले माह पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में प्रापर्टी टैक्स के विरोध में अकाली-भाजपा सरकार को जोरदार ढंग से घेरने के लिए रणनीति बनाने तथा सुविधायों से वंचित शहरों के लिए सरकार को सचेत करने पर बल दिया है। बजट सत्र के दौरान अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा जाएगा।