पटियाला में गुरुद्वारा साहिब में भिड़ी महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के पटियाला में दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर तू-तू मैं-मैं हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे को मारने के लिए ऊतारू हो गई। फिर क्या देखते ही देखते महिलाओं ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी ख्याल नहीं रहा कि जहां उनका झगड़ा हो रहा है वह धार्मिक स्थल है। महिलाओं की लड़ाई गुरुद्वारा साहिब के अंदर हुई। जिस समय महिलाओं के बीच लड़ाई हुई उस समय गुरु घर में समागम चल रहा था, जिसमें अन्य लोग मौजूद थे। महिलाओं ने एक-दूसरे पर हमला करने के लिए गुरुद्वारा साहिब में सुशोभित शस्त्र उठा लिए।
पटियाला में बीते रविवार को आजाद नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुशोभित शस्त्र उठाकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने जैसे तैसे उन्हें रोका। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जो भी आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक मामला रविवार 15 दिसंबर का है। आजाद नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में समागम रखा गया था, जिसमें गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व प्रधान व नए प्रधान के समर्थक भी पहुंचे थे। जैसे ही पूर्व प्रधान स्पीच देने के लिए माइक पर आए तो दूसरे पक्ष ने माइक छीन लिया। इसके बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हाजिरी में ही दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। मामला इतना गरमा गया कि वहां मौजूद एक महिला ने वहां सुशोभित शस्त्र उठा लिया और दूसरे पक्ष की महिला पर हमला करने का प्रयास किया। मामले में शिकायत मिलने के बाद थाना अनाज मंडी पुलिस की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।