राजपुरा। पेट्रोल छिड़ककर पति संजीव कुमार की हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला रोजी का पुलिस रिमांड समाप्त होने पर उसे फिर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने हत्यारोपी पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार गांव चंदूआ खुर्द निवासी संजीव कुमार की अपनी पत्नी रोजी के साथ अनबन रहती थी। मृतक संजीव कुमार की माता पालो की शिकायत पर रोजी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया था।
आरोप है कि रोजी ने 4 मई की दोपहर को शराब के नशे में चारपाई पर सो रहे पति संजीव कुमार पर पेट्रोल छिड़ककर हत्या कर दी। गंभीर रूप से झुलसे संजीव कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया, रास्ते में ही संजीव कुमार ने दम तोड़ दिया था। सदर पुलिस ने मृतक की माता की शिकायत पर उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का कहना है कि जांच में किसी और की भूमिका सामने नहीं आई।