आढ़तियों के धरने को संबोधित करने हुए विधायक काक रणदीप सिंह, हरिंदर भांबरी व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
गेहूं की अदायगी न होने से नाराज होकर अमलोह के आढ़तियों और मजदूरों ने फूड सप्लाई दफ्तर का घेराव करके पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आढ़ती एसोसिएशन अमलोह के अध्यक्ष बिकी एबरोल और कांग्रेसी नेता जगविंदर सिंह रहल के नेतृत्व में आढ़तियों और मजदूरों ने धरना दिया। इस दौरान अमलोह के कांग्रेसी विधायक काका रणदीप सिंह, साधू सिंह धर्मसोत विधायक नाभा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिंदर सिंह भांबरी, शैलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश गर्ग, आम आदमी पार्टी से रोशन सूद, सुखविंदर कौर, ब्लाक मंडी गोबिंदगढ़ अध्यक्ष राजिंदर सिंह बिट्टू और भारतीय किसान यूनियन के नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फसल की अदायगी नहीं मिलने से आढ़ती, मजदूर और किसानों को बहुत मुश्किल हो रही है। आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष बिकी अबरोल और जगविंदर सिंह रहल ने कहा कि एक महीना बीत जाने के बावजूद आढ़तियों और मजदूरों को अदायगी नहीं मिली। इस कारण मजदूरों ने भी मंडी में काम न करने की ठान ली है। वक्ताओं ने सरकार को एक हफ्ते का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर आढ़तियों को फसल का अदायगी नहीं हुई तो उनका अगला संघर्ष चंडीगढ़ में होगा। वहीं डीएफएसओ भगवंत सिंह ने कहा कि गेहूं की बाकी रहती अदायगी 31 मई तक कर दी जाएगी।