पटियाला की नई अनाज मंडी में शनिवार को गेहूं खरीद का जायजा लेते कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गेहूं की खरीद में कोताही सहन नहीं की जाएगी। यह विचार शनिवार को कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने पटियाला की सरहिंद रोड स्थित नई अनाज मंडी में दौरे के दौरान व्यक्त किए।
रखड़ा ने कहा कि किसानों की ओर से अपने बेटों की तरह पाली इस गेहूं की फसल का दाना-दाना सरकार की ओर से खरीदा जाएगा। साथ ही किसानों को खरीद का उचित मूल्य भी दिलाया जाएगा। मंडियों में किसानों को किसी तरह की अगर परेशानी आएगी, वह सहन नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाएगा।
रखड़ा ने आज अनाज मंडी में संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए कि किसानों को पीने वाले साफ पानी, रोशनी, सुरक्षा और आराम के लिए जगह का प्रबंध किया जाए और मौसम खराब होने की सूरत में फसलों को बचाने के लिए तिरपालों का भी उचित प्रबंध किया जाए।
रखड़ा ने बताया कि जिले में गेहूं की खरीद के लिए 108 खरीद केंद्र व मंडियां तैयार की गई हैं। शनिवार तक जिले की 26 मंडियों में गेहूं की आवक शुरू हो गई थी। जिले की मंडियों में शनिवार तक 20396 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 16240 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद भी हो चुकी है।
पिछले साल आज के दिन तक जिले की मंडियों में केवल 44 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई थी। अब तक खरीदी 16240 मीट्रिक टन गेहूं में से पनग्रेन की ओर से 2050 मीट्रिक टन, मार्कफेड की ओर से 2206, वेयर हाउस की ओर से 7487, पंजाब एग्रो की ओर से 2363, एफसीआई की ओर से 1884, व्यापारियों की ओर से 250 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।