नजदीकी गांव रामनगर सैनियां में कोरोना पॉजिटिव मरीज आने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ऐसे में नजदीकी गांवों के लोगों ने अपने-अपने गांवों में नाकाबंदी कर दी है। गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति को न तो आने दिया जा रहा है औ न ही गांव से बाहर जाने दिया जा रहा है। करीब 12 से ज्यादा गांव पूरी तरह शहर से कट गए हैं।
गांव घघर सराये और आस पास के गांवों के लोगों ने नाकाबंदी कर दी है। गांव की सरपंच गुरविंदर कौर ने कहा कि गांव में किसी को बहुत ही जरूरी काम है या दवाई आदि लेनी हो तो ही वह बाहर जा सकता है। पूरी जानकारी देकर ही वापस आ सकता है। गांवों में रहने वाले प्रवासियों को भी घरों में रहने को कहा जा रहा है और उनकी देखभाल का जिम्मा भी ग्रामीण ही उठा रहे हैं।
एसएसपी पटियाला मनदीप सिंह सिद्धू ने सभी ग्रामीणों की सराहना की। उन्होंने बताया कि गांव वासियों ने जो पहल की है वह प्रेरणा देने वाली है। पंजाब हरियाणा के बार्डर पर पूरी तरह नाकाबंदी कर दी गई है। किसी भी प्रवासी को बाहर जाने नहीं दिया जा रहा। प्रशासन की ओर से गांवों में रहने वाले मजदूरों की परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है ताकि उन्हें मदद मुहैया करवाई जा सके।