रेलवे सोसाइटी के चुनाव जीतने पर अमृतसर रेलवे स्टेशन पर एक यूनियन के एक नेता की ओर से सरेआम पिस्तौल से हवाई फायर करने पर रेल अधिकारियों ने उसे नौकरी से बर्खास्त करने की योजना बनाई है। उक्त नेता की गोली चलाने की पहले भी कई शिकायतें मिली हैं।
अधिकारियों का मानना है कि उक्त नेता ऐसा कर रेलकर्मियों और अधिकारियों के दिलों में दहशत फैलाना चाहता है। ये घटना नार्दन रेलवे के महाप्रबंधक तक पहुंची है।
रेलवे के सूत्रों का कहना है कि अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सरेआम हवाई फायर किए जाने को लेकर रेल अधिकारियों की डीआरएम अनुज प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में एक फैसला लिया गया कि उक्त यूनियन नेता ने सरेआम अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पिस्तौल से हवाई फायर किए हैं, उसे नौकरी से बर्खास्त किया जाए।
ये मामला रेल मंत्रालय दिल्ली तक पहुंचा है। इस मामले पर नार्दन रेलवे के महाप्रबंधक भी नजर रखे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि उक्त नेता ने पहले भी फिरोजपुर रेलवे स्टेशन पर हवाई फायरिंग की थी।
एक रेलकर्मी के लिए सरेआम पिस्तौल से हवाई फायर रेलवे स्टेशन पर करना नियमों के विपरीत है। इसीलिए अधिकारी उक्त नेता को नौकरी से बर्खास्त करने की योजना बना रहे हैं।
उक्त नेता द्वारा सरेआम हवाई फायरिंग करने की बाकायदा वीडियो फिल्म बनी है, जिसे लोगों ने वाट्सअप पर भेजा है।