पटियाला। सरकारी राजिंदरा अस्पताल में रविवार को ब्लैक फंगस के तीन केस रिपोर्ट हुए। जिससे अब राजिंदरा समेत प्राइवेट अस्पतालों में ब्लैक फंगस के कुल केसों की गिनती 35 हो गई है। बड़ी बात है कि इनमें से सात ब्लैक फंगस के मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि चार को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा चुका है। सभी मौतें राजिंदरा अस्पताल में हुई हैं। सिविल सर्जन डा. सतिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की है। सीएमओ ने बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल में ब्लैक फंगस के अब तक 23 मरीज रिपोर्ट हो चुके हैं, जिनमें से तीन केस रविवार को आए। इन 23 मरीजों में से 11 उपचाराधीन हैं। जबकि सात की मौत हो गई है और चार को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा चुका है। वहीं प्राइवेट अस्पताल व नर्सिंग होम्स में अब तक कुल 12 ब्लैक फंगस के केस रिपोर्ट हुए हैं। जिनमें से सात मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि बाकी को रेफर किया गया है।
राजिंदरा में कोविड से मौतों में कमी का सिलसिला जारी
सरकारी राजिंदरा अस्पताल में पिछले 24 घंटे में कोविड से 11 मरीजों की मौत हुई। पिछले करीब डेढ़ माह में यह पहला मौका है, जब राजिंदरा में कोविड से मौतों की गिनती में कमी आई हो। दूसरी लहर की शुरुआत में जहां राजिंदरा में पहले रोजाना 30 से 35 मौतें रोजाना हो रही थीं, वहीं पिछले कुछ दिनों से यह आंकड़ा 20 से 25 के बीच हो गया था। मौतें भले ही कम हुई हैं, लेकिन कोविड के नए मरीजों में फिलहाल ज्यादा कमी नहीं आई है। राजिंदरा में पिछले 24 घंटे में 31 नए कोविड मरीज दाखिल हुए, जबकि इसकी तुलना में 12 मरीजों को ही कोरोना से ठीक होने बाद डिस्चार्ज किया गया।