इसी साल 1 अप्रैल को पटियाला के बादशाहपुर पुलिस चौकी और 6 अप्रैल को हरियाणा के अजीमगढ़ पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले किए गए थे। इन घटनाओं के बाद बीकेआई के आतंकियों हैप्पी पासियां, मनु अगवान और गोपी नवांशहरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन घटनाओं की जिम्मेदारी ली थी।
पंजाब और हरियाणा में पुलिस चौकियों पर ग्रेनेड हमलों में शामिल बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के तीन आतंकियों को पंजाब पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने विदेशी हैंडलर मनिंदर बिल्ला और मनु अगवान की ओर से संचालित बीकेआई के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
विज्ञापन
ये आतंकी पटियाला के बादशाहपुर और हरियाणा के अजीमगढ़ में पुलिस चौकियों पर ग्रेनेड हमलों में शामिल थे। पुलिस टीम ने गिरफ्तार किए गए आतंकियों से दो हैंड ग्रेनेड और दो पिस्तौल बरामद किए हैं।
रविवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) पटियाला और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) मोहाली ने संयुक्त रूप से चलाया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ दीपू निवासी बादशाहपुर (पटियाला), हरप्रीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी हरचंदपुरा (पटियाला) और हरमनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गुरदयालपुरा (पटियाला) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि इसी साल 1 अप्रैल को पटियाला के बादशाहपुर पुलिस चौकी और 6 अप्रैल को हरियाणा के अजीमगढ़ पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले किए गए थे। इन घटनाओं के बाद बीकेआई के आतंकियों हैप्पी पासियां, मनु अगवान और गोपी नवांशहरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन घटनाओं की जिम्मेदारी ली थी।
रिंदा के निर्देशों पर कर रहे थे काम
डीजीपी ने कहा कि इस मॉड्यूल को सफलतापूर्वक नष्ट करके पंजाब पुलिस ने राज्य में पुलिस प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमलों की दोनों घटनाओं को सुलझा लिया है। दोनों हैंडलर आतंकी रिंदा के निर्देशों पर काम कर रहे थे। डीजीपी ने कहा कि इस मॉड्यूल को रसद और वित्तीय सहायता मिल रही थी। प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला है कि यह मॉड्यूल पंजाब में पुलिस प्रतिष्ठानों पर और हमलों की सक्रिय रूप से योजना बना रहा था जबकि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
जेल में बंद बब्बू के साथ मिलकर रची थी साजिश
पटियाला की एआईजी सीआई डॉ. सिमरत कौर ने कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया है कि दोनों पुलिस प्रतिष्ठानों पर हमलों की योजना उनके सहयोगी गुरप्रीत सिंह उर्फ बब्बू ने बनाई थी, जो वर्तमान में पटियाला जेल में बंद है। जांच से पता चला है कि मास्टरमाइंड बब्बू ने बादशाहपुर हमले में शामिल होने के लिए संदीप सिंह उर्फ दीपू को 3-4 लाख रुपये देने का वादा किया था जबकि हरमनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत को अजीमगढ़ हमले में शामिल होने के लिए 10 हजार रुपये दिए गए थे। एआईजी ने कहा कि आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और लोगों की गिरफ्तारी और बरामदगी होने की संभावना है।