अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके छह शातिरों को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर, एक रोटावेटर, 6 बाइक, 6 मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना बख्शीवाला में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पकड़े आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह (31) पुत्र जसवंत सिंह निवासी नवां रखड़ा पटियाला, परमिंदर सिंह उर्फ मघा (24) पुत्र हरदेव सिंह उर्फ विक्की निवासी कल्याण जिला पटियाला, गगनदीप सिंह उर्फ गुड्डु (26) पुत्र विक्रमजीत सिंह निवासी नवां रखड़ा, सुखवीर सिंह उर्फ सुक्खी (27) पुत्र निर्भय सिंह निवासी रखड़ा, बॉबी सिंह (24) पुत्र विक्रमजीत सिंह निवासी रखड़ा और सतनाम सिंह (22) पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी नवां रखड़ा के तौर पर हुई है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत थाना बख्शीवाला पुलिस टीम गश्त के संबंध में गांव रखड़ा के बस अड्डे के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के शातिर चोरी के काफी सामान के साथ शुगर मिल रखड़ा में मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर तुरंत शुगर मिल रखड़ा में दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से चोरी किया एक ट्रैक्टर, 1 रोटावेटर, 6 बाइक और 6 मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पटियाला के गांव रखड़ा, नवां रखड़ा और कल्याण में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के शातिर राहगीरों के पास से या फिर घरों के बाहर और अन्य स्थानों पर खड़ी बाइक, ट्रैक्टर और खेतीबाड़ी वाले साधनों को चुराते थे। बाद में चोरी किए सामान को बेचकर पैसा आपस में बांट लेते थे।