सरबत खालसा की ओर से चुने गए श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार भाई ध्यान सिंह मंढ की ओर से आज शिअद की बठिंडा में रखी गई सद्भावना रैली को देखते हुए दिए गए बंद के आह्वान को फेल करने के लिए पुलिस ने मान दल के बड़ी गिनती में लीडर हिरासत में लिए।
इनमें से ज्यादातर को 107/151 की कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया, जबकि कुछ को देर शाम वापस घरों को रवाना कर दिया गया।
जिले भर से शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) मान ग्रुप के करीब 27 लीडरों को विभिन्न थानों की पुलिस की ओर से सोमवार को सुबह ही उठा लिया गया। साथ ही जिले भर के सभी प्रमुख चौकों, अहम जगहों पर सभी सड़कों पर पुलिस पहरा बैठा दिया गया, ताकि कोई गर्मदल जाम आदि न लगा सके।
उधर पुलिस के छापों के बावजूद बचकर निकाले शिअद अमृतसर के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर महिंदरपाल सिंह ने फोन पर पुलिस व सरकार की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस तरह ही अपने विरोधियों को जेलों में डालना है, तो ऐसी सद्भावना रैलियां करने की कोई तुक नहीं बनती है।
उनकी पार्टी के 27 लीडरों को अकेले पटियाला जिले से हिरासत में लिया गया और साथ ही उनके परिवारों को जलील किया जा रहा है। पार्टी के जिला प्रधान सरूप सिंह संधा पहले ही जेल में हैं, जबकि पुलिस ने उनके इंजीनियर लड़के गुरप्यार सिंह को भी पकड़ लिया, जिसको जमानत के बाद रिहा किया गया।
पटियाला के एसपी (डी) पीएस गुराइयां ने माना कि मान दल के कुछ लीडरों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से कुछ को 107/151 तहत जेल भेज दिया गया है और कुछ को घर वापस भेजा गया है।