पटियाला। पंजाब के बड़े राजनेताओं से लेकर सेलिब्रिटी के अंदर बंद होने के चलते वीआईपी बनी पटियाला की सेंट्रल जेल में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर एक बार फिर सवालिया निशान लगे हैं। जेल से एक हवालाती ने फरार होने की कोशिश की है, हालांकि समय रहते जेल मुलाजिमों ने कैदी को जेल की दीवार फांदकर भागते समय काबू कर लिया। जेल में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 12 अगस्त को भी जेल से एक हवालाती फरार हो गया था। हालांकि कुछ दिनों के बाद पुलिस ने उसे काफी संख्या में नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। यही नहीं पिछले साल अप्रैल 2021 में भी जेल प्रशासन को गच्चा देकर तीन कैदी फरार हो गए थे। उधर, इस संबंधी जेल के सुपरिंटेंडेंट मनजीत सिंह टिवाणा के मुताबिक जेल में बंद राजनेताओं के साथ-साथ हर कैदी की सुरक्षा उनके लिए अहम है। किसी की सुरक्षा में ढील नहीं की जा रही है। उपलब्ध साधनों के साथ जेल में सुरक्षा प्रबंधों को पूरी तरह से चाक-चौबंद किया जा रहा है।
बैरकें खोलीं तो मौका देख दीवार फांद भागने की कोशिश की
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट मलकीत सिंह के मुताबिक सुबह के समय जेल की बैरकों को खोला जाता है, ताकि कैदी व हवालाती बाहर निकलकर घूम फिर सकें। हवालाती बीरबल खान निवासी सुराजपुर भी इस दौरान अपनी बैरक से बाहर निकला। वह पुराने लंगर हाल के गेट को फांदकर लंगर वाले हाल के अंदर चला गया। हेड वार्डर मेहर सिंह ने हवालाती को गेट फांदकर जाते देख लिया। जब पुराने लंगर हाल अंदर जाकर देखा, तो हवालाती जेल की दीवार फांदकर बाहर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी में पुलिस ने केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
100 एकड़ में बनी पटियाला जेल में बंद हैं करीब 2000 कैदी
करीब 100 एकड़ में बनी सेंट्रल जेल में इस समय 2000 के करीब कैदी व हवालाती बंद हैं। 26 अप्रैल 2021 की देर रात जेल से तीन कैदी फरार हो गए थे। उन कैदियों ने पहले शौचालय से पानी की पाइप उखाड़ी और इसके जरिये दीवार में छेद कर बैरक से बाहर निकले। इसके बाद चादरों को एक-दूसरे के साथ बांधकर इसे रस्सी का रूप देकर जेल की चारदीवारी पर लगे लोहे के एंगलों में फंसाया। इस रस्सीनुमा चादरों के सहारे वह दीवार फांदकर फरार हो गए थे। हालांकि बाद में तीन कैदियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। गौरतलब है कि इस समय पटियाला जेल में पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु के अलावा पंजाबी पाप गायक दलेर मेहंदी और पूर्व आईएएस संजय पोपली बंद हैं।