पटियाला में धरना-प्रदर्शन करते मृतक के परिजन और स्थानीय लोग।
- फोटो : अमर उजाला
ताश खेलते समय हुए झगड़े में गंभीर घायल स्थानीय धानका मोहल्ला निवासी युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से भड़के परिवार के लोगों और मोहल्ले के निवासियों ने धर्मपुरा बाजार बंद करवा दिया और लाश सड़क पर रखकर धरना दिया। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ अन्य धाराओं के साथ हत्या की धारा भी लगा दी पर किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई।
कोतवाली थाना इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भिंडर ने बताया कि धानका मोहल्ले के निवासी 30 वर्षीय बसंत राम का पांच नवंबर की रात तकिया रहीम मोहल्ले के रहने वाले जसविंदर सिंह, हरलीन सिंह, परमिंदर सिंह के साथ ताश खेलते समय झगड़ा हो गया था। जब बसंत अपने घर जा रहा था तो पुरानी कमेटी धर्मपुरा बाजार के पास उक्त आरोपियों ने उसके सिर में राड मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। उस दिन से अब तक बसंत राम अस्पताल में उपचाराधीन था। पीजीआई चंडीगढ़ में उसकी मौत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामले में हत्या की धारा भी लगा दी।
इससे गुस्साए परिवार के लोगों और मोहल्ला निवासियों ने धर्मपुरा बाजार बंद करवाकर लाश सड़क पर रखकर धरना दिया। धरनाकारी अडे़ रहे कि जब तक आरोपियों को काबू नहीं किया जाता तब तक बाजार खुलने न दिया जाए और न लाश सड़क से उठाई जाएगी। जब इनको आश्वासन दिया गया तो धरना समाप्त किया गया। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द आरोपी न पकड़े तो दोबारा धरना दिया जाएगा। गौरतलब है कि मरने वाला बसंत राम मजदूरी करता था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। इसमें से एक लड़की मानसिक बीमार है। बसंत की मौत के बाद अब उसके परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है।