नेता जी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में 60वीं नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक चैंपियनशिप के समापन पर सोमवार को शॉटपुट में पंजाब के तेजिंदरपाल सिंह तूर और जैवलिन थ्रो में यूपी की अनु रानी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नए मीट रिकॉर्ड बनाए।
उधर, सोमवार को हुए मुकाबलों के नतीजों के मुताबिक पुरुषों के 400 मीटर में कलिंगा कुमाराजे ने पहला, हरियाणा के विक्रांत पंचाल ने दूसरा और दिल्ली के सार्थक भांबरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर में यूपी के अजय कुमार सरोज ने पहला, पश्चिम बंगाल के शशि भूषण सिंह ने दूसरा और दिल्ली के राहुल ने तीसरा, लांग जंप में केरल के मोहम्मद अनीस याहिया ने पहला, यूपी के युगांत शेखर सिंह ने दूसरा और यूपी के ऋषभ ऋषिश्वर ने तीसरा स्थान हासिल किया। शॉटपुट में पंजाब के तेजिंदरपाल सिंह ने बाजी मारते हुए 21.10 मीटर के साथ नया मीट रिकॉर्ड भी कायम किया। पुराना मीट रिकॉर्ड चेन्नई के इंद्रजीत सिंह ने 2015 में 20.44 मीटर के साथ बनाया था। वहीं शॉटपुट में पंजाब के ही कर्णवीर सिंह ने दूसरा और राजस्थान के वनम शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। 4 x 100 मीटर रिले में महाराष्ट्र पहले, केरल दूसरे और तमिलनाडु तीसरे स्थान पर रहा।
उधर, महिलाओं के वर्ग में 400 मीटर में कर्नाटक की प्रिया हाबाथानाहैली पहले, कर्नाटक की ही एमआर पुवामा दूसरे और तमिलनाडु की वीरामनी रेवथी तीसरे, 10 हजार मीटर में राजस्थान की पूजा हरिजन पहले, यूपी की फूलन पाल दूसरे और यूपी की ज्योति तीसरे स्थान पर रही। जैवलिन थ्रो में यूपी की अनु रानी ने पहला स्थान पाकर नया मीट रिकॉर्ड 62.83 मीटर के साथ बनाया। पुराना मीट रिकॉर्ड हैदराबाद की अनु रानी के नाम था, जो उसने 2016 में 59.87 मीटर से बनाया था। वहीं इस मुकाबले में राजस्थान की संजना चौधरी दूसरे और हरियाणा की पुष्पा जाखड़ तीसरे स्थान पर रहीं।