पटियाला। शहर के सरकारी स्कूलों में कोरोना लगातार पांव पसार रहा है, बावजूद इसके यहां के अध्यापक कोरोना टीकाकरण के लिए गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के तहत कुछ ही अध्यापक टीका लगवाने के लिए आगे आए थे। हालांकि स्कूलों में कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करवाया जा रहा है, लेकिन आए दिन स्कूलों में बढ़ते कोरोना केस सेहत विभाग के लिए चिंता का सबब बन रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार पटियाला में 376 के करीब सरकारी मिडिल, हाई और सेकंडरी स्कूल हैं, वहीं 940 प्राइमरी स्कूल हैं। इन स्कूलों में सात हजार के करीब अध्यापक पढ़ाते हैं। सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने कहा कि इन सात हजार अध्यापकों में से कुछ ही ने वैक्सीनेशन लगवाई होंगी। अध्यापकों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक और प्रोत्साहित भी किया जा रहा है, लेकिन वे आगे नहीं आ रहे हैं।
बता दें कि अब तक स्कूलों में 30 अध्यापक और 17 छात्र कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंटरी) इंजीनियर अमरजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने खुद वैक्सीन नहीं लगवाई है। अध्यापकों को वैक्सीन के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं, उनके साथ जबरदस्ती तो नहीं कर सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (सीनियर सेकंडरी) हरिंदर कौर ने कहा कि अध्यापकों को जागरूक किया जा रहा है।