पटियाला। समाना में करियाना दुकान के मालिक और उसके दोस्त पर बाइक सवार युवकों ने हमलाकर नकदी व मोबाइल लूट लिया। सदर समाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सतपाल शर्मा निवासी गांव गाजीपुर हाल निवासी अमर कालोनी काहनगढ़ रोड समाना ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 8.30 बजे के बाद दुकान बंद कर स्कूटी पर घर जा रहे थे। उनके साथ दोस्त देव राज निवासी घड़ामी पती समाना भी अपनी बाइक पर जा रहा था। जब वो टी प्वाइंट काहनगढ़ रोड गाजीपुर नजदीक बाबा पूरन दास डेरे के पास पहुंचे तो बाइक सवार तीन लोगों में से एक ने उनके कंधे पर डंडा मारा। दूसरे ने देवराज की बाइक पर डंडा मारा। इससे वे दोनों नीचे गिर गए। आरोपियों ने उनकी जेब से 9 हजार रुपये और मोबाइल निकाल लिया। उनके दोस्त देवराज की जेब से 1100 रुपये और मोबाइल निकालकर आरोपी फरार हो गए।