पटियाला। एनआईएस में चल रहे 24वें नेशनल फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे दिन 100 मीटर के फाइनल में दुती चंद को मात देने वाली तमिलनाडु की एस धनालक्ष्मी ने वीरवार को 200 मीटर में 23.26 सेकेंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाया। एस धनालक्ष्मी ने 1998 में चेन्नई में पीटी ऊषा की ओर से बनाए 23.30 सेकेंड के मीट रिकार्ड को तोड़ दिया है।
वहीं महिलाओं के 800 मीटर के फाइनल में दिल्ली की चंदा पहले, पश्चिम बंगाल की लिली दास दूसरे, कर्नाटक की एमआर पुवामा तीसरे, हाई जंप में तमिलनाडु की ग्रेसिना गलिसटस मैरी पहले, हरियाणा की रेखा दूसरे और तमिलनाडु की गिगी जोरेज स्टीफन तीसरे स्थान पर रही। ट्रिपल जंप में हरियाणा की रेणु विजेता रही। कर्नाटक की बी ऐश्वर्या दूसरे और तमिलनाडु की आर ऐश्वर्या तीसरे स्थान पर रही। हैमर थ्रो में यूपी की सरिता आर सिंह पहले, हरियाणा की ज्योति जाखर दूसरे और उत्तराखंड की रेखा सिंह तीसरे स्थान पर रही। हेपटाथलोन मेें पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन पहले, केरल की मैरिना जोरेज दूसरे और हरियाणा की सोनू कुमारी तीसरे स्थान पर रही। गौरतलब है कि लंबे अंतराल के बाद लौटी स्वप्ना बर्मन ने मुकाबले को कुल 5636 अंकों से जीता।
उधर पुरुषों के 800 मीटर के फाइनल मुकाबले में हरियाणा के कृष्ण कुमार पहले, हिमाचल प्रदेश के अनकेश चौधरी दूसरे और उत्तराखंड के अनु कुमार तीसरे स्थान पर रहे। पोल वाल्ट में हरियाणा के प्रशांत कन्हैया पहले, हरियाणा के लक्ष्य दूसरे और केरल के ईबी अनस तीसरे स्थान पर रहे। डिस्कस थ्रो में पंजाब के किरपाल सिंह पहले, हरियाणा के वजीर दूसरे और हरियाणा के अभिनव तीसरे स्थान पर रहे।