जल सप्लाई व उच्च शिक्षा मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि उन्नति व प्रगति की दृष्टि से पंजाब देश का सबसे अग्रणी राज्य है और अब इसका मुकाबला अमेरिका व कनाडा जैसे देशों के सूबों से है।
इसके बावजूद पंजाब की तरक्की तथा खुशहाली कुछ लोगों तथा सियासी दलों को रास नहीं आ रही है और अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए ये लोग पंजाब को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
सोमवार को यहां 22 पंथ जैन स्थानक में धार्मिक समागम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते रखड़ा ने कहा कि पार्ट टाइम तथा गेस्ट फैकल्टी लेक्चरार भर्ती करके कालेजों में शिक्षकों की कमी को दूर किया गया है। जैसे ही भर्ती प्रक्रिया से हाईकोर्ट की रोक हटेगी, सरकार तुरंत रेगुलर भर्ती करेगी। पंजाब में इस साल 13 नए कालेज खोले गए हैं और अगले साल 11 कालेज खोले जाएंगे। पंजाब में 11 यूनिवर्सिटी, आईआईटी, आईआईएम, एम्स तथा एरोनोटिक इंजीनियरिंग कालेज स्थापित हो रहे हैं।
रखड़ा ने कहा कि पंजाबियों ने अपनी मेहनत व काबलियत के दम पर पूरे विश्व में सफलता के झंडे गाडे़ हैं। ऐसे में 70 फीसदी पंजाबियों को नशेड़ी कहना सरासर गलत है।
स्टेज में बैठने वाले आप के सभी नेता हैं सीएम की दौड़ में
रखड़ा ने आम आदमी पार्टी पर चुटकी लेते कहा कि स्टेज पर बैठने वाले इस पार्टी के सभी नेता सीएम की दौड़ में हैं और स्टेज के सामने बैठने वाले वर्कर एमएलए की दौड़ में हैं। झूठे दावों से लोगों का भरोसा नहीं जीता जा सकता है। मौके पर जैन सभा ने उनका सम्मान किया। इस मौके पर प्रेम जैन, सुभाष मोदी, संदीप जैन, राकेश जैन, उज्जवल जैन, पवन गुजरां, अजय मस्तानी, नरेश भोला, बीरबल बंसल हाजिर थे।