पटियाला। पंजाब व हरियाणा के विभिन्न इलाकों में सक्रिय दो अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोहों के सात सदस्यों को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 22 चोरी के मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद किए गए हैं।
एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस की ओर से मनदीप सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव साधमाजरा और दलीप सिंह निवासी गांव प्रेम सिंह वाला को नाकाबंदी दौरान गांव बादशाहपुर के पास रजवाहे की पुली नजदीक गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी का मोटरसाइकिल बरामद किया गया। इन आरोपियों की निशानदेही पर पांच चोरी किए गए मोटरसाइकिल गांव बादशाहपुर से बरामद किए गए। पूछताछ के आधार पर जसमीत सिंह उर्फ कालू निवासी गांव बादशाहपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से दो चोरी किए मोटरसाइकिल बरामद किए गए। जसमीत सिंह के बताने पर यादविंदर सिंह निवासी गांव बादशाहपुर को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से भी एक चोरी का मोटरसाइकिल बरामद किया गया।
इसी तरह से दूसरे मामले में पुलिस टीम ने बलविंदर उर्फ गैरी उर्फ विजय निवासी सामपुर (मोहाली) को नाकाबंदी दौरान समाना से चोरी की एक्टिवा समेत काबू कर लिया। तफ्तीश दौरान बलविंदर की ओर से दी जानकारी के आधार पर मनिंदर सिंह उर्फ मोनू निवासी गांव लंगडोई और दलजीत सिंह निवासी गांव शादीपुर जिला कैथल को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों की निशानदेही पर समाना, गांव लंगडोई से चोरी किए 13 मोटरसाइकिल बरामद किए गए। जो आरोपियों ने जिला पटियाला और मोहाली से चोरी किए थे। गिरफ्तार आरोपियों का रिमांड हासिल किया जा रहा है, जिससे मामले में और खुलासा हो सके।