रोपड़ में सोमवार की देर पुलिस की ओर से चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सड़कों पर मौजूद इलाके के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में सोमवार की देर रात संदिग्ध व्यक्ति होने का शोर मचने से दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद पुलिस ने शहर के प्रताप बाजार व बीबी की पुरानी हवेली इलाके में रात भर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान देर रात तक लोगों का जमावड़ा सड़कों पर लगा रहा।
पुलिस को थाना सिटी के नजदीक प्रताप बाजार के एक घर में संदिग्ध व्यक्ति होने की गुप्त जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू किया। डीएसपी मनवीर सिंह बाजवा, स्पेशल सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर गब्बर सिंह, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अतुल सोनी, थाना सदर के इंचार्ज सन्नी खन्ना ओर थाना सिंह भगवंतपुरा के इंचार्जी कुलवीर सिंह समेत पुलिस पार्टी ने प्रताप बाजार को घेर लिया। लगभग सभी पुलिस कर्मियों के हाथ में हथियार थे।
पुलिस ने प्रताप बाजार के एक घर पर रेड की। पुलिस को वहां कुछ न मिला। काफी देर तक चले इस सर्च आपरेशन के दौरान सिटी थाना के नजदीक बीबी की हवेली में भी संदिग्ध व्यक्ति होने की बात चली तो इंस्पेक्टर गब्बर सिंह ने पुरानी हवेली तथा पक्का बाग में भी सर्च की। यहां भी पुलिस को कुछ हासिल नही हो सका। बाजार के नजदीक रिहायशी इलाके के लोग दहशत के चलते थाना सिटी के नजदीक जमा हो गए। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी मेसेज वायरल होने लगा कि रोपड़ शहर में चार आतंकवादियों को देखा गया है। डीएसपी मनवीर सिंह बाजवा ने बताया उन्हें गुप्त सूचना मिली थी, जिसके तहत उन्होंने सर्च अभियान चलाया गया।