दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जोगिंदर सिंह पुत्र उजागर सिंह निवासी सोढ़ीवाला उगोके थाना घग्गा ने पातड़ां पुलिस के पास बयान दिया है कि उसका भाई बलविंदर सिंह (50), जो खेतीबाड़ी का काम करता है, वह रात साढ़े आठ बजे अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव बुरड़ के पास से जा रहा था। इसी बीच एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए उसके मोटरसाइकिल में टक्कर मारी।
इस हादसे में बलविंदर सिंह की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने वारदात के मौके से कार छोड़ कर फरार हुए अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले मेें उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एक पिकअप से टकराकर एक मोटर साइकिल सवार की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। इस मामले में चमकौर सिंह निवासी घंगरौली थाना घग्गा ने पुलिस को बताया है कि उसका पिता अमरीक सिंह और गुरचरन सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घंगरौली जा रहे थे। रास्ते में जब वह दोनों घग्गा के धर्मकंडा के पास पहुंचे, तो आगे जा रही पिकअप गाड़ी ने अचानक से ब्रेक लगा दिए।
इससे मोटरसाइकिल की गाड़ी में जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में गुरचरन सिंह (42) की मौत हो गई, जबकि अमरीक सिंह (64) बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने पिकअप गाड़ी के फरार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।