भारतीय फौज में विभिन्न ओहदों के लिए भर्ती रैली छह से 20 अगस्त तक फौज के आर्मी भर्ती दफ्तर पटियाला की ओर से कराई जाएगी। इस रैली में पटियाला समेत संगरूर, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब जिलों के युवक हिस्सा ले सकेंगे। आर्मी भर्ती डायरेक्टर कर्नल आर आर चंदेल ने बताया कि इसमें हिस्सा लेने के इच्छुक युवाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट पर करानी जरूरी है और यह रजिस्ट्रेशन 20 जुलाई 2021 तक जारी रहेगी, जो रविवार से शुरू हो गई है।
इच्छुक युवक फौज की वेबसाइट पर जाकर भर्ती रैली संबंधी जानकारी और रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं। पटियाला-संगरूर रोड स्थित फ्लाइंग क्लब के सामने पटियाला मिलिट्री स्टेशन के खुले मैदान में यह भर्ती रैली रखी जाएगी। इसमें सिपाही जनरल ड्यूटी, सिपाही तकनीकी, सिपाही क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल और सिपाही तकनीकी की भर्ती की जाएगी।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्मी में भर्ती केवल मेरिट के आधार पर और बिल्कुल मुफ्त की जाती है, इसलिए उम्मीदवार इस भर्ती के लिए किसी को किसी किस्म की रिश्वत न दें और दलालों से सावधान रहें। रैली वाली जगह पर उम्मीदवारों का फिजिकल फिटनेस देखने को टेस्ट होगा, इसे पास करने वालों को ही आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।