लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से पटियाला के एक बैंक कर्मी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल करके लाखों की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। ऐसा न करने पर बैंक कर्मी को जान से मारने की धमकी दी गई है। यही नहीं बैंक कर्मी की पत्नी के मोबाइल पर भी गोलियां चलाने की वीडियो भेजी गई हैं। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सिटी टू जसविंदर सिंह टिवाणा ने बताया कि बैंक कर्मी दमनजीत सिंह निवासी रेस कोर्स सरहिंद रोड पटियाला ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 जुलाई 2022 को उनके मोबाइल पर दोपहर के समय एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का पीए बताया और उससे लाखों की फिरौती की मांग की। न देने की सूरत में जान से मारने की धमकियां दीं। इसके साथ ही शिकायतकर्ता की पत्नी के मोबाइल पर भी गोलियां चलाने की वीडियो भेजी गई।
पुलिस के मुताबिक साइबर सेल की मदद से शिकायतकर्ता दमनजीत सिंह के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल करने वाले आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दमनजीत सिंह कोई हाई-प्रोफाइल व्यक्ति नहीं है। एक साधारण बैंक कर्मी है। बावजूद इसके उसे क्यों निशाना बनाया गया है। यह भी जांच का विषय है। फिलहाल मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।