राजपुरा की गणेश नगर की रेलवे कालोनी निवासी रोष प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
वार्ड नंबर 22 स्थित गणेश नगर की नजदीकी रेलवे कालोनी के मोहल्ला विकास कमेटी की ओर से उनके इलाके में सीवरेज व स्ट्रीट लाइटों की सहूलियत न मिलने के कारण उन्होंने सीवरेज बोर्ड के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मोहल्ला सुधार कमेटी गणेश नगर के मुखी मंगत रात आहुजा, घनशाम दास, सुनीता शर्मा, शशि घई, राम कली, मान सिंह ने बताया कि उनकी कालोनी वार्ड नंबर 22 में पड़ती है।
कालोनी में सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइटें, सड़कें न होने से लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। राजपुरा नगर काउंसिल के प्रधान व वार्ड के काउंसलर ने विश्वास दिलवाया है कि लेकिन गर्मी के चलते पनपने वाले मच्छरों से बीमारियां फैलने का खतरा उनके सिर पर मंडराता रहता है। उन्होंने कहा कि कालोनी में डीपीआर सिस्टम के तहत सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाए। इसके लिए कई बार नगर काउंसिल में बात रखी गई लेकिन अब तक कालोनी की कोई सार नहीं ली गई। इससे उन्हें प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
पार्षद बलबीर कौर संधू का कहना है कि वार्ड के लोगों को सौ फीसदी स्वच्छ पानी देने व कालोनी वासियों को सीवरेज की आधुनिक व्यवस्था दिलवाने के लिए वह कई बार सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों से बातचीत कर चुकी हैं लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। सीवरेज बोर्ड के एसडीओ सत्य प्रकाश का कहना है कि इस कालोनी के एरिया संबंधी नगर काउंसिल के ईओ के साथ मीटिंग की जाएगी। मीटिंग के दौरान उक्त एरिया डीपीआर के अधीन लाया जाएगा ताकि उसका समुचित विकास हो सके।