सरकारी राजिंदरा अस्पताल को अब सुचारू व निर्विघ्न बिजली सप्लाई मिल सकेगी। इसके लिए राजिंदरा में 12 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए गए 66 केवी सब स्टेशन को वीरवार को चालू कर दिया गया। रिकार्ड समय में स्थापित किए इस ग्रिड को लोगों को समर्पित करने की रस्म पंजाब के सूचना कमिश्नर अमृत प्रताप सिंह हनी सेखों और सीएम के उप प्रमुख सचिव राजेश कुमार शर्मा ने निभाई। इस मौके पर भेजे संदेश में सांसद परनीत कौर ने एलान किया कि पटियाला में बिजली सप्लाई के मुद्दों को हल करने के लिए जल्द ही 220 केवी का नया ग्रिड भी चालू किया जाएगा। परनीत ने आगे बताया कि पंजाब सरकार की ओर से शहर के अंदरूनी हिस्से के बिजली वितरण सिस्टम को मजबूत करने को 40 करोड़ रुपये का विशेष फंड जारी किया गया है।
इस मौके पावरकॉम से इंजीनियर रविंदर सिंह सैनी ने बताया कि राजिंदरा में स्थापित इस ग्रिड में 20 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर और 12.5 एमवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इस सब स्टेशन के चालू होने से 66 केवी शक्ति विहार ग्रिड की डी लोडिंग होगी, जिससे पटियाला के खपतकारंो को निर्विघ्न बिजली सप्लाई मिल सकेगी। पावरकाम के इंजीनियर राजिंदर सिंह सराओ ने बताया कि जगदीश आश्रम रोड, न्यू लाल बाग, डेंटल कालेज आदि एरिया की सप्लाई इस नए ग्रिड पर तबदील की गई है और आने वाले दिनों में राजिंदरा अस्पताल का सारा लोड व बैंक कालोनी, धालीवाल कालोनी, लीला भवन, माल रोड और लोअर माल रोड एरिया का लोड भी इस ग्रिड पर तबदील हो जाएगा। साथ ही कहा कि राजिंदरा अस्पताल का पूरा लोड इस नए ग्रिड पर तबदील होने से अस्पताल को निर्विघ्न बिजली सप्लाई यकीनी तौर पर मिल सकेगी।