पटियाला। राजिंदरा अस्पताल की ओपीडी करीब एक महीने के अंतराल बाद सोमवार को शुरू र्हुई, जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली है। पंजाब सरकार के निर्देश मुताबिक फिलहाल ओपीडी 50 फीसदी क्षमता के साथ चलाई जाएगी।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एचएस रेखी ने बताया कि पंजाब में कोरोना केसों की बढ़ती गिनती को देखते हुए 29 अप्रैल को प्रदेश के तीनों मेडिकल कालेजों से जुड़े अस्पतालों की ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर बंद थे। ताकि अस्पतालों के सारे डाक्टरों व अन्य स्टाफ को पूरी तरह से कोविड मरीजों की देखरेख में लगाया जा सके। लेकिन अब सरकार ने ओपीडी खोलने के आदेश दे दिए हैं। जिस पर अमल करते हुए सोमवार को ओपीडी खोल दी गई। लेकिन कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए ओपीडी में जांच के लिए आने वाले हरेक व्यक्ति के लिए मास्क पहनना जरूरी है। साथ ही ओपीडी की एंट्री करते ही हरेक के शरीर का तापमान चेक किया जा रहा है और हाथों को सेेनिटाइज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी ऑपरेशन थियेटर नहीं खोले गए हैं। केवल पहले की तरह इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर ही चालू हैं। ओपीडी को 50 फीसदी डाक्टरी स्टाफ के साथ चलाया जाएगा। बाकी का स्टाफ कोविड मरीजों के लिए तैनात है।