विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने वीरवार को पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) के नाभा रोड स्थित हेडआफिस में रेड की। इस मौके पर हेडआफिस में स्थित वर्कशाप से पुरानी बसों की रिपेयर और नई बसों की बाडी फैब्रिकेशन में इस्तेमाल होने वाले सामान, स्पेयर पार्ट्स आदि के बड़ी गिनती में सैंपल भरे गए जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विजिलेंस की ओर से करीब छह घंटे तक पीआरटीसी हेडआफिस में जांच की गई। इस दौरान सामान की खरीद-फरोख्त संबंधी रिकार्ड व कागजात भी चेक किए गए। विजिलेंस ब्यूरो पटियाला के एसएसपी हरप्रीत सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह करीब 11 बजे डीएसपी विजिलेंस केडी शर्मा की अगुवाई में टीम ने नाभा रोड स्थित पीआरटीसी के हेडआफिस में रेड की। विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि पीआरटीसी बसों की रिपेयर व इनकी बाडी फैब्रिकेशन में घटिया सामान का इस्तेमाल हो रहा है।
टीम में विजिलेंस ब्यूरो चंडीगढ़ से पांच मेंबरी टेक्निकल टीम के साथ-साथ आईटीआई से तीन इंस्ट्रक्टर भी शामिल रहे। टीम ने हेडआफिस स्थित पीआरटीसी की वर्कशाप जहां पुरानी बसों की रिपेयर और नई बसों की बाडी फैब्रिकेशन का काम होता है, वहां जाकर जांच की और सैंपल भरे।
विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने बसों के फर्श पर लगने वाली अलुमिनियन की चादरों, बाडी फैब्रिकेशन में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चादरों, शीशों, बस में चढ़ने वाली सीढ़ियों, रबड़, टायर, इलेक्ट्रिक्ल सामान, गोले व कुछ अन्य स्पेयर पार्ट्स के कुल 12 सैंपल भरे। ये सैंपल जांच के लिए अमृतसर स्थित लैब में भेजे जाएंगे।
जांच में देखा जाएगा कि क्या यह सामान पंजाब सरकार के मैन्युल के मुताबिक है, क्या सारा सामान आईएसआई मार्का है या नहीं। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेड की कार्रवाई शाम करीब पांच बजे तक चलती रही। विजिलेंस की टीम ने इस दौरान सामान की खरीदो-फरोख्त संबंधी रिकार्ड व कागजात भी चेक किए।
पूरा दिन पीआरटीसी हेडआफिस में हड़कंप
विजिलेंस की रेड को लेकर पूरा दिन पीआरटीसी हेडआफिस में हड़कंप मचा रहा। विजिलेंस पटियाला की तरफ से टीम में डीएसपी केडी शर्मा के अलावा इंस्पेक्टर परमजीत कुमार, इंस्पेक्टर परमजीत कौर, सब इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह, हरमिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।