भारतीय फौज में भरती के लिए उम्मीदवारों को दलालों के चक्कर में फंसकर पैसा देने की जरूरत नहीं है। भरती पूरी तरह से मेरिट पर होगी और सारी भरती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
भारतीय फौज के डायरेक्टर (भरती) कर्नल जयशील कौशल ने बताया कि भारतीय फौज में सिपाही जनरल ड्यूटी, सिपाही तकनीकी, सिपाही क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी के पदों के लिए खुली भरती रैली 5 से 12 मई तक पटियाला स्थित फ्लाइंग क्लब संगरूर रोड पटियाला में होगी। यह भरती रैली पटियाला, संगरूर, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब के बेरोजगार नौजवानों के लिए है।
सिपाही जनरल ड्यूटी के लिए उम्मीदवारों की आयु साढ़े 17 साल से 21 साल के बीच होनी चाहिए, जबकि उम्मीदवार का कद कम से कम 170 सेंटीमीटर, वजन 50 किलो और उम्मीदवार की ओर से 45 फीसदी अंकों के साथ दसवीं या बारहवीं पास होनी जरूरी है। कम से कम 33 फीसदी अंक हरेक विषय में जरूरी हैं या उम्मीदवार बारहवीं पास होना चाहिए। किसी भी जाति के उम्मीदवार को छूट नहीं दी जाएगी।
आगामी 5 मई को मानसा जिले के जनरल ड्यूटी उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग होगी। 6 मई को पटियाला जिले के, 7 को बरनाला व फतेहगढ़ साहिब जिले के, 8 मई को संगरूर के और 9 को संगरूर, पटियाला, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब के सिपाही, क्लर्क, स्टोर कीपर और सिपाही तकनीकी के पदों के लिए उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाएगी।