पूर्व मेयर जसपाल सिंह का खुद को समधी बताने वाले अमरजीत सिंह सोढी के खिलाफ दुराचार का आरोप लगाने वाली महिला मंगलवार को कोर्ट में मुकर गई। महिला ने कहा कि उसके साथ सोढी ने दुराचार नहीं किया।
उसे तो पूर्व मेयर जसपाल सिंह प्रधान, उनके बेटे प्रीत इंद्र सिंह व कुछ और रिश्तेदारों ने सोढी से अपनी रंजिश निकालने के लिए इस केस में फंसाया है। अब इस केस में अगली सुनवाई 19 दिसंबर को होगी।
अमरजीत सिंह सोढी के वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि महिला ने एडिशनल सेशन जज हरिंदर कौर सिद्धू की कोर्ट में बयान दिया कि वह न तो अमरजीत सिंह सोढी को जानती है और न ही उसे कभी देखा है। सोढी ने उसके साथ दुराचार नहीं किया। महिला ने कोर्ट में आरोप लगाया कि उसे तो पूर्व मेयर जसपाल सिंह प्रधान, उसके बेटे प्रीत इंद्र सिंह व दो अन्य रिश्तेदारों ने सोढी से अपनी रंजिश के चलते इस केस में फंसाया है।
महिला ने बताया कि 12 जुलाई को जिस दिन यह वारदात हुई, वह उस दिन सरहिंद रोड स्थित इंद्रापुरी मार्केट में गई थी। वहां एक 20 साल के नौजवान ने उसका पर्स छीनने की कोशिश की। उसकी उक्त नौजवान से हाथापाई हो गई। इससे उसकी कलाइयों में पहनी चूड़ियां टूट गईं और इससे उसे चोट लग गई। जब वह इस मामले की शिकायत कराने त्रिपड़ी थाने गई, तो वहां पूर्व मेयर व उनके रिश्तेदार बैठे थे, उन लोगों ने पुलिस के साथ सलाह मशविरा करके कुछ खाली कागजों पर साइन करा दिए। बाद में उसे राजिंदरा अस्पताल ले जाकर उसका डाक्टरी मुआयना कराके मामले को दुराचार का रूप दे दिया।
पूर्व मेयर ने कहा था कि अमरजीत सिंह सोढी को सबक सिखाना है। उन्होंने उनके खिलाफ अपनी बेटी की हत्या का केस दर्ज कराया है। राजीनामा को कहा, लेकिन उसने किया नहीं। महिला ने कहा कि आज वह कोर्ट के सामने सच बता रही है। उसे पूर्व मेयर व उसके परिवार की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
वकील वर्मा ने बताया कि इस मामले में अगली सुनवाई 19 दिसंबर को होगी। इस दिन उक्त महिला का डाक्टरी मुआयना करने वाले डाक्टरों के बयान दर्ज होंगे।