यूथ कांग्रेस पटियाला शहरी के प्रधान संदीप मल्होत्रा की अगुवाई में इकट्ठा हुए यूथ कांग्रेसियों ने बादल सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर यूथ कांग्रेसियों ने सरकार पर नशों के मामले पर झूठ बोलने के आरोप लगाए। संदीप मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब सरकार नशों के बड़े दुखांत को झूठ के पर्दे के नीचे छिपा रही है। उन्होंने अकाली-भाजपा सरकार से सवाल किया कि अगर पंजाब में नशा नहीं है तो सरकार को पंजाब पुलिस के कांस्टेबलों की भर्ती के लिए डोप टेस्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि इस बात से साफ जाहिर है कि अकाली-भाजपा सरकार ने खुद ही मान लिया है कि पंजाब में नशे बेचे और किए जा रहे हैं। पंजाब में 6600 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए चार लाख 50 हजार से ज्यादा आवेदनों का आना पंजाब में नौजवानों की बेरोजगारी की सच्ची और साफ तस्वीर पेश करता है।