अपने पटियाला जेल में दौरे के समय जेल मंत्री सोहन सिंह ठंडल ने कहा कि जेलों में नशों की सप्लाई डाग स्कवॉयड के जरिए रोकने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है। सिखलाई प्राप्त डॉग जेल में नशा जाने से पहले ही रोक लेते हैं और आरोपी खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि पंजाब की सभी बड़ी जेलों में जैमर लगाए जा चुके हैं और बाकी में भी लग रहे हैं। इसके अलावा जेलों में नशे व मोबाइल की सप्लाई की शिकायतें मिलने के मामलों को गंभीरता के साथ लिया जा रहा है।
इन मामलों में किसी जेल मुलाजिम या अधिकारी की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। इसलिए जेलों की अचानक चेकिंग करने के लिए पंजाब पुलिस व जेल विभाग के अधिकारियों की विशेष टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि जेलों में कैदियों की बढ़ रही गिनती के मद्देनजर जेलों की क्षमता बढ़ाने के लिए गोइंदवाल साहिब, दो जेल बठिंडा, अमृतसर में नई जेल बन रही हैं। फिरोजपुर में भी नई जेल का प्रस्ताव है। इसके लिए जमीन देख ली है। उन्होंने बताया कि पटियाला जेल में भी 400 कैदियों की क्षमता बढ़ाई गई है। एक ब्लॉक और बनाने के लिए 15 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।