61वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में वीरवार को कड़कड़ाती ठंड के बावजूद खिलाड़ी डटे रहे। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल(लड़के) में डॉजबॉल, शिवालिक पब्लिक स्कूल रोपड़ में कराटे और शिवालिक क्लब रोपड़ में ताइक्वांडों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। शहर में तीन स्थानों पर करवाई जा रहे इन खेलों में 845 लड़कियों व लड़कों के बीच मुकाबले चल रहे हैं।
शिवालिक पब्लिक स्कूल में चल रहे कराटे के मुकाबलों की जानकारी देते हुए ग्राउंड के इंचार्ज अनिल जोशी ने बताया कि लड़कियों के 32 किग्रा वर्ग में पंजाब, मध्य प्रदेश, 36 किग्रा वर्ग में हरियाणा, पंजाब की टीमों के खिलाड़ियों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
डॉजबाल के इंचार्ज प्रिं. मलकीत सिंह, नरिंदर बंगा ने बताया कि डॉजबाल के लड़कों के अंडर-19 वर्ग में पंजाब ने मध्य प्रदेश को, छत्तीसगढ़ ने दिल्ली को, विद्या भारती ने दादरा-नगर हवेली को, केरल ने सीबीएसई को, महाराष्ट्र ने गुजरात को, मध्य प्रदेश ने हरियाणा को, विद्या भारती ने दिल्ली को हराया।
लड़कियों के मुकाबलों में पंजाब ने दादर-हवेली को, महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश को, गुजरात ने विद्या भारती को, सीबीएसई ने केरल को, छत्तीसगढ़ ने दिल्ली को, हरियाणा ने दादरा नगर हवेली को, महाराष्ट्र ने विद्या भारती को हराया।
ताइक्वांडों के मुकाबलों की जानकारी देते हुए प्रिं.विनोद कुमार ने बताया कि 33 किग्रा वजन वर्ग में पंजाब की साहिब कौर ने सोने और छत्तीसगढ़ की दिनेश गुप्ता ने चांदी, दिल्ली की काजल ने कांसे का तमगा जीता है। 36 किग्रा वर्ग में पंजाब की वंदना ने सोने, गुजरात की चावदा प्रेन ने चांदी और दिल्ली की शिमाली ने कांस्य पदक जीते।