पटियाला से सांसद डा. धर्मवीर गांधी ने लोकसभा में जीरोऑवर के दौरान पंजाब
की नरमा पट्टी में सफेद मक्खी के कारण नरमे की फसल तबाह होने से किसानों की
दुर्दशा पर चर्चा की।
डा. गांधी ने कहा कि 70 से अधिक किसान इस
त्रासदी के बाद आत्महत्या कर चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। सरकार
की ओर से कंपनियों से 33 करोड़ की घटिया कीटनाशक दवा खरीदने से किसानों व
खेत मजदूरों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
उसके लिए केवल खेतीबाड़ी
महकमे का डायरेक्टर ही जिम्मेदार नहीं, बल्कि खेती मंत्री तोता सिंह व खुद
सीएम प्रकाश सिंह बादल भी जिम्मेदार हैं। किसानों को पंजाब सरकार की ओर से
दिए जा रहे मुआवजे को काफी कम बताते हुए डा. गांधी ने केंद्र सरकार को
अपील की कि मोटे अनाजों के मामले में देश का पेट भरने वाली पंजाब की किसानी
की तरफ ध्यान दिया जाए ताकि किसान खराब आर्थिक हालत से बाहर आ सकें। साथ
ही उन्होंने कीटनाशक दवाओं के मामले में सरकार की ओर से की गई हेराफेरी की
सीबीआई की ओर से जांच कराने की भी मांग की।