पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी के पब्लिकेशन ब्यूरो की ओर से पहली बार टेबल कैलेंडर तैयार किया गया है। जिसे वीसी प्रोफेसर अरविंद ने यहां रिलीज किया। इस टेबल कैलेंडर की खास बात यह है कि इसके हर पन्ने पर विद्यार्थियों की ओर से खींची तस्वीरों को जगह दी गई है, ताकि उनकी हौसला अफजाई हो सके। गौरतलब है कि इससे पहले यूनिवर्सिटी की ओर से हर बार केवल दीवार कैलेंडर ही तैयार किया जाता था।
इस मौके पब्लिकेशन ब्यूरो के इंचार्ज डा. राजेश शर्मा ने बताया कि इस कैलेंडर के हर पन्ने पर पंजाबी यूनिवर्सिटी और इससे संबंधित बाहरी कैंपस की तस्वीरें लगाई गई हैं। इन तस्वीरों की एक विशेषता यह है कि यह पीयू व इसके विभिन्न कालेजों से संबंधित स्टूडेंट्स की ओर से खींचने के बाद भेजी गई हैं। इस संबंधी 51 तस्वीरें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से गुणवत्ता के आधार पर सिलेक्शन कमेटी की ओर से 14 तस्वीरें चुनी गईं। इन चुनी तस्वीरों में पीयू कैंपस, संबंधित कालेजों व नेबरहुड कैंपस से विद्यार्थियों गुरजाप सिंह, कर्मजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, परमदीप सिंह, वरिंदर खुराना, बरिंदर सिंह, सुखवीर, ममता बिश्नोई, जुगराज सिंह, अर्शदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह व यश शर्मा की तस्वीरें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टेबल कैलेंडर बिक्री के लिए पब्लिकेशन ब्यूरो के केंद्र पर उपलब्ध है।