पटियाला के मोदी कालेज में आयोजित पीयू इंटर कालेज बाक्सिंग चैंपियनशिप में मैच के दौरान भिड़ते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मुल्तानी मल मोदी कालेज ने पंजाबी यूनिवर्सिटी इंटर कालेज बाक्सिंग चैंपियनशिप जीत ली। कालेज के ही कैंपस में यह चैंपियनशिप पिछले दो दिनों से चल रही थी।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर पीयू की डायरेक्टर स्पोर्ट्स डा. गुरदीप कौर रंधावा पहुंचीं। उन्होंने खिलाड़ियों को जीवन में खेलों के महत्व के बारे में बताया। साथ ही नई पीढ़ी को ज्यादा से ज्यादा खेलों के साथ जुड़ने का संदेश दिया।
कालेज के डीन स्पोर्ट्स डा. गुरदीप सिंह संधू ने बताया कि इस चैंपियनशिप के दौरान कुल 10 वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन मुकाबलों में मोदी कालेज ने 34 अंक हासिल करके पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सरकारी महिंदरा कालेज पटियाला 24 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा।
कालेज प्रिंसिपल डा. खुशविंदर कुमार ने चैंपियनशिप को पूरा करने में कालेज के खेल विभाग के अलावा पीयू, एनआईएस पटियाला व इन संस्थाओं के खेल अधिकारियों की ओर से दिए सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया।
प्रिंसिपल ने कहा कि गेम्स जहां इंसान के मानसिक व शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं, वहीं व्यक्ति के चरित्र निर्माण में भी सहायक होते हैं। इस मौके पर कालेज के खेल विभाग के प्रमुख प्रोफेसर निशान सिंह, प्रोफेसर हरनीत सिंह, प्रोफेसर मनदीप कौर मौजूद रहे।