पटियाला में तलवारबाजी प्रतियोगिता की विजेता महिला टीम के साथ मौजूद अथिति और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब तलवारबाजी एसोसिएशन और खेल विभाग पंजाबी यूनिवर्सिटी की ओर से यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित छठा राष्ट्रीय तलवारबाजी फेडरेशन कप रविवार को समाप्त हो गया। पुरुष वर्ग में सेना की टीम और महिला वर्ग में पंजाब की टीम विजेता रही।
टूर्नामेंट के विजेताओं को पुरस्कार बांटने की रस्म एनआईएस के कार्यकारी डायरेक्टर एसएस राय ने अदा की। इस मौके पर पंजाब फेंसिंग एसोसिएशन के प्रधान ब्रह्म मोहिंदरा, पंजाब ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव राजा केएस सिद्धू, फेंसिंग एसोसिएशन आफ इंडिया के महासचिव अशोक दुधारे भी मौजूद रहे। नतीजों के मुताबिक पुरुष वर्ग में सेना की टीम 39 अंकों के साथ पहले, राजस्थान 13 अंकों के साथ दूसरे और हरियाणा आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। जबकि महिलाओं के वर्ग में पंजाब ने 33 अंकों के साथ पहला, केरला ने 32 अंकों के साथ दूसरा और चंडीगढ़ ने 9 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल नतीजों के मुताबिक पुरुषों के फोएल टीम वर्ग में सेना ने गोल्ड, महाराष्ट्र ने चांदी, दिल्ली व केरला ने कांस्य, ईपी टीम वर्ग में सेना ने गोल्ड, मध्यप्रदेश ने सिल्वर, हरियाणा व कर्नाटक ने कांस्य, सैबर टीम वर्ग में राजस्थान ने गोल्ड, हरियाणा ने सिल्वर और सेना व पंजाब ने कांस्य के मेडल हासिल किए। महिलाओं के फोएल टीम वर्ग में केरला ने गोल्ड, पंजाब ने सिल्वर और हरियाणा व चंडीगढ़ ने कांस्य, ईपी टीम वर्ग में पंजाब ने गोल्ड, चंडीगढ़ ने चांदी, केरल व हरियाणा ने कांस्य, सैबर वर्ग में केरल ने गोल्ड, पंजाब ने सिल्वर और महाराष्ट्र व तमिलनाडु ने कांस्य के मेडल जीते।