शुक्रवार को पटियाला के पातड़ां में मोदी का पुतला फूंक प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : PATIALA
खेती अध्यादेशों के विरोध में शुक्रवार को पातड़ां में क्रांतिकारी किसान यूनियन के प्रदेश प्रधान डा. दर्शन पाल की अगुवाई में पीएम का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मांग की गई कि पंजाब से संबंधित सांसद इस्तीफे देकर वापस लौटें। केंद्र सरकार ने हमेशा पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया है। अब यह कानून बनाकर किसानों के साथ अत्याचार किया जा रहा है। मौके पर अकाली दल से भी भाजपा के साथ अपने सालों पुराने गठबंधन को तोड़ने की मांग की गई।
किसान नेता डा. दर्शन पाल ने किसानों से आह्वान किया कि इन कानूनों के विरोध में गांव-गांव और हर जगह पर मोदी सरकार के खिलाफ रोष जताया जाए। 24 सितंबर तक यह कार्यक्रम करने के बाद 25 सितंबर को पूरे पंजाब में मुकम्मल बंद रखा जाएगा। इस दिन पंजाब में सड़क व रेल आवाजाही ठप रखी जाएगी। सारे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मुकम्मल बंद लागू करते हुए सेवाएं, व्यापार, दफ्तर, दुकानों व हर किस्म का कारोबार बंद रखा जाएगा।