पटियाला। किसान जत्थेबंदियों ने खेती कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन से अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को जोड़ने की तैयारी की है। इसके लिए जहां बैठकें व सभाएं करके नौजवानों से जुड़ने की अपील की जा रही है। वहीं, भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी ने गांव, ब्लाक, जिला और राज्य स्तर तक किसान जत्थेबंदियों की यूथ विंग का सर्वसम्मति से चुनाव कराने का एलान किया है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के जिला प्रधान रणजीत सवाजपुर ने बताया कि खेती कानूनों के खिलाफ अब तक चले संघर्ष से साफ हो गया है कि यूथ पावर के बिना केंद्र सरकार को झुकाना आसान नहीं है। दिल्ली बार्डर पर किसान धरनों के दौरान रात के पहरों से लेकर रैलियां निकालने व राशन-पानी लाने का काम नौजवान अच्छी तरहसे संभाल रहे हैं। उन्होंने माना कि किसान जत्थेबंदियों के यूथ विंग के गठन की पहले योजना थी, लेकिन अब तक बनाई नहीं जा सकी। अब इसे अमली जामा पहनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर गांव में यूथ विंग केे गठन के बाद ब्लाक स्तर और फिर जिला स्तर की यूथ विंग के बाद पंजाब स्तर पर भी नौजवानों को लेकर विंग बनाई जाएंगी। उनकी जत्थेबंदी की यूथ विंग का सर्वसम्मति से चुनाव करने के लिए गांव ढैंठल के गुरुद्वारा साहिब में 31 मार्च को बैठक रखी गई है। जिसमें सभी नौजवानों से पहुंचने की अपील की गई है, जो किसानी को बचाने के लिए आगे आना चाहते हैं।
उधर, क्रांतिकारी किसान यूनियन के जिला ओहदेदार अवतार सिंह कौरजीवाला ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 23 मार्च को शहीदी दिवस मनाने और 26 मार्च को भारत बंद का आह्वान किया है। इसेे सफल बनाने के लिए नौजवानों को बड़ी गिनती में किसान आंदोलन से जोड़ना जरूरी है। इसलिए नौजवानों से बैठकें व सभाएं करके अपील की जा रही है कि वह आगे आएं व किसानों का साथ दें।