पटियाला। पावरकॉम और ट्रांसको के इंजीनियर्स और मुलाजिमों की सभी एसोसिएशनों/यूनियनों नए वेतनमान को लागू करने में हो रही देरी के विरोध में वीरवार को आधी रात से पांच दिनों की सामूहिक छुट्टी पर जाने का अल्टीमेटम दिया है। मुलाजिमों ने चेतावनी दी है कि जरूरत पडने पर सामूहिक छुट्टी के दिनों में वृद्धि की जाएगी।
उधर वीरवार सुबह ही पावरकाम के नवनियुक्त सीएमडी बलदेव सिंह सरां पदभार संभालने हेडआफिस पहुंच रहे हैं। सीएमडी सरां ने कहा कि ज्वाइनिंग के बाद मुलाजिमों से बात करके इस मसले को सुलझाया जाएगा। पीएसईबी इंजीनियर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उप प्रधान इंजीनियर जतिंदर गर्ग, ज्वाइंट फोरम प्रधान कुलदीप खन्ना, ज्वाइंट फोरम के महासचिव कर्मचंद भारद्वाज ने बताया कि पावरकाम मैनेजमेंट मुलाजिमों को नवंबर महीने की तनख्वाह संशोधित हुए तनख्वाह स्केलों में देने के वादे से मुकर गई है। जिस कारण मुलाजिमों में रोष व्याप्त है।
इसलिए विभिन्न मुलाजिम, इंजीनियर एसोसिएशनों ने फैसला लिया है कि अगर नए तनख्वाह स्केल लागू न किए, तो सभी इंजीनियर, अधिकारी व कर्मचारी 23 दिसंबर की आधी रात से पांच दिनों की सामूहिक छुट्टी पर चले जाएंगे। 24 दिसंबर से पंजाब भर में बिजली दफ्तरों के आगे रोष रैलियां की जाएंगी। मुलाजिम नेताओं ने साफ किया कि इस दौरान पावर सैक्टर में किसी भी तरह के संभावित ब्लैकआउट होने की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।