पटियाला में पावरकाम मैनेजमेंट के खिलाफ रैली करते बिजली मुलाजिम।
- फोटो : अमर उजाला
पीएसईबी ज्वाइंट फोरम के आह्वान पर पटियाला सर्कल अधीन पड़ती डिवीजनों पूर्व मंडल, पश्चिम, सब अर्बन, कर्मिशयल के बिजली मुलाजिमों ने बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर संयुक्त तौर पर पटियाला सर्किल हेड क्वार्टर में पावरकॉम व ट्रांसको मैनेजमेंट के खिलाफ प्रदर्शन किया व रैली की। इस मौके पर जमकर नारेबाजी की गई और मुलाजिम मसलों को तुरंत हल करने की मांग की गई।
रैली को संबोधित करते हुए टीएसयू सर्कल प्रधान राम चंद, चरनजीत सिंह, बलविंदर सिंह ने कहा कि पावरकाम मैनेजमेंट के साथ ज्वाइंट फोरम कमेटी की ओर से समझौता होने के बावजूद मुलाजिम मसलों को हल नहीं किया जा रहा है। मानी मांगों को लागू नहीं किया जा रहा है। दूसरी तरफ ट्रांसको मैनेजमेंट की ओर से अपनी मर्जी के साथ एओटीएल की सबडिवीजनों को तोड़कर मुलाजिमों को दूर के इलाकों में ट्रांसफर कर दिया गया है।
इस तरह करके मैनेजमेंट ने तीन पक्षीय समझौते का उल्लंघन किया है, जिसे किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा। साथ ही बेरोजगार लाइनमैनों के भरती, खाली पड़े पदों को रेगुलर आधार पर भरने, ग्रेड पे और पे बैंड व डीए की किश्तों का बकाया नगद जारी करने जैसे मसलों को तुरंत हल करने की मांग की गई।
साथ ही 21 जुलाई से 26 जुलाई तक वर्क टू रूल और 27 जुलाई को हेडआफिस पटियाला में दिए जा रहे प्रदेशस्तरीय धरने में सभी मुलाजिमों को पहुंचने की अपील की गई ताकि पावरकॉम की मैनेजमेंट व ट्रांसको की मैनेजमेंट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाए।