पटियाला। बिहार से पंजाब में नाजायज असलहों की सप्लाई के मामले का पटियाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को 9 एमएम की दो पिस्तौलों, 32 बोर का एक रिवाल्वर, तीन मैगजीन 9 एमएम समेत गिरफ्तार किया है।
एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि थाना सदर राजपुरा पुलिस ने पार्टी समेत गश्त दौरान मेन जीटी रोड से सौरव कुमार निवासी बीआर आंबेडकर कालोनी गिलवानी गेट अमृतसर, मिथुन कुमार निवासी अरसर थाना जमूरी जिला जमुई बिहार हाल निवासी अमृतसर को काबू किया। सौरव से एक पिस्टल 9 एमएम समेत मैगजीन और मिथुन के पास से एक पिस्टल 9 एमएम समेत दो मैगजीन बरामद किए गए। दोनों आरोपी नाजायज असलहे सप्लाई का काम करते थे। यह दोनों नाजायज असलहे बिहार से खरीद कर आगे अमृतसर में अनमोल उर्फ सैमी निवासी संगतपुर रोड अमृतसर को बेचते थे। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना सदर राजपुरा में केस दर्ज किया गया है। सौरव व मिथुन को नौगजां पीर जीटी रोड से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सीआईए स्टाफ पटियाला पुलिस ने सन्नी उर्फ सैमी निवासी मोहल्ला घुमियारां वाला अमृतसर को अमृतसर के गिलवानी चौक नजदीक पार्क से गिरफ्तार कर लिया। सन्नी की निशानदेही पर बाद में अमृतसर में पार्क से एक रिवाल्वर 32 बोर बरामद किया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि इनकी जान-पहचान प्रिंस निवासी गिलवानी गेट अमृतसर से थी। उसे भी गिरफ्तार करके पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों का अदालत से पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है।