पटियाला में नवरात्रों में काली देवी मंदिर में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एक निजी कंपनी के गार्डों को पुलिस की ओर से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से नवरात्रों में श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं के लिए भी प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर जीके सिंह ने शनिवार को पांच नवंबर से शुरू होने जा रहे नवरात्रों के मद्देनजर मंदिर सलाहकार कमेटी के साथ जिला प्रबंधकीय कांप्लैक्स में बैठक की।
इस अवसर पर डीसी ने कहा कि काली देवी मंदिर के साथ लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।
इसलिए मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यहां लंगर, पीने वाले पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा के नवरात्रों के दौरान पूरे प्रबंध किए जाएंगे।
उन्होंने इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए। एसएसपी हरदियाल सिंह मान ने बताया कि मंदिर कांप्लैक्स की सुरक्षा का जिम्मा उठाने वाली निजी सिक्योरिटी कंपनी के गार्डों को पटियाला पुलिस की ओर से जरूरी सिखलाई मुहैया कराई जाएगी।
जिससे किसी तरह की सुरक्षा के पक्ष से परेशानी न हो। साथ ही बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिर में मेडिकल टीमों, आग बुझाने वाले यंत्रों का भी पूरा प्रबंध किया गया है।
इस मौके पर मंदिर कमेटी के नुमाइंदों में डा. नवीन सारोंवाला, भाजपा नेता भुपेश अग्रवाल, बलवंत राय, विजय मोहन गुप्ता, हरिंदर बांसल आदि मौजूद रहे।