पुलिस अत्याचार से प्रताड़ित कुछ दिन पहले निकटतम गांव मनवी के नौजवान धर्मेंद्र सिंह द्वारा आत्महत्या करने का खौफनाक मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को इसी गांव के एक और नौजवान ने पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर हाई वोल्टेज टावर पर चढ़कर खुदकुशी का प्रयास किया। हालांकि करंट का झटका लगने से वह गिर गया और उसकी टांगें टूट गईं।
गांव मनवी के 24 वर्षीय मीत सिंह की पिछले माह अपने ही दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। झगड़ा बढ़ने पर मीत ने इसकी शिकायत अमरगढ़ के साथ सटी पुलिस चौकी जोडे़पुल में कई थी, लेकिन पुलिस इसकी कार्रवाई करने के बजाय बार बार चक्कर लगवाकर उसे ही प्रताड़ित करने लगे। इससे तंग आकर उसने गांव दुगरी में लगे हाई वोल्टेज टावर पर चढ़कर सारा दिन पुलिस अत्याचार की गाथा सुनाई।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और तहसीलदार उसे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन कोई साधन उपलब्ध नहीं करवाया गया। गांव के लोगों ने बारदाना मंगवाया किंतु अर्थ का हलका करंट लगने से वह नीचे गिरा और बारदाना कमजोर होने के कारण फट गया और उसकी टांगें टूट गईं। तहसीलदार बादलदीन ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस चौकी जोडे़पुल प्रभारी मजीद खान ने बताया कि लगे आरोप निराधार हैं। फिर भी मामले की जांच की जाएगी।